कृषि कौशल को मिलेगी नई उड़ान, मैनेज बना उत्कृष्टता केंद्र

नई दिल्ली 05-Nov-2026 12:20 PM

कृषि कौशल को मिलेगी नई उड़ान, मैनेज बना उत्कृष्टता केंद्र

(सभी तस्वीरें- हलधर)

हैदराबाद। राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज), हैदराबाद को केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) ने कृषि क्षेत्र में कौशल उत्कृष्टता केंद्र (सीओई-स्किल्स) के रूप में मान्यता प्रदान की है। इस मान्यता से कृषि क्षेत्र में कौशल विकास, प्रशिक्षण और उद्यमशीलता को नई मजबूती मिलेगी। मान्यता तीन साल के लिए दी गई है।

नई दिल्ली के कौशल भवन आयोजित समारोह में एमएसडीई की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने मैनेज को मान्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किया। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अधीन कार्यरत मैनेज की स्थापना वर्ष 1987 में कृषि विस्तार प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी। संस्थान कृषि विस्तार के क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान, परामर्श और नीतिगत सहयोग प्रदान करता है। इसके साथ ही कृषि-भंडारण प्रबंधन, कृषि विस्तार प्रबंधन और कृषि-व्यवसाय प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

सीओई के रूप में मान्यता मिलने से मैनेज कृषि क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार कर सकेगा। इससे कृषि पेशेवरों, युवाओं और उद्यमिता की इच्छुक प्रतिभाओं को आधुनिक कौशल एवं व्यावहारिक दक्षताएं विकसित करने के अवसर मिलेंगे। साथ ही कृषि क्षेत्र के लिए कुशल और उद्यमशील कार्यबल तैयार करने में संस्थान की भूमिका बढ़ेगी।

मैनेज के महानिदेशक एवं संयुक्त सचिव (विस्तार) संजय कुमार अग्रवाल ने इसे संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह मान्यता बेहतर प्रशिक्षण मानकों को लागू करने और राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन में योगदान बढ़ाने की जिम्मेदारी भी लेकर आई है।


ट्रेंडिंग ख़बरें