मुहाना मंडी में 10 हजार किलो सड़े-गले फल और एक्सपायरी खजूर कराए गए नष्ट!

नई दिल्ली 09-May-2026 03:10 PM

मुहाना मंडी में 10 हजार किलो सड़े-गले फल और एक्सपायरी खजूर कराए गए नष्ट!

(सभी तस्वीरें- हलधर)

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जयपुर की मुहाना मंडी  स्थित मैसर्स अरावली ट्रेड विजन कोल्ड स्टोरेज पर बड़ी कार्रवाई की।

फंग्स लगे फल और एक्सपायरी खजूर किए नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान करीब 8,500 किलो सड़े-गले और फंगस लगे फल तथा 1,500 किलो एक्सपायरी खजूर बरामद किए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के निर्देशन में केंद्रीय दल और सीएमएचओ जयपुर प्रथम एवं द्वितीय की संयुक्त टीम को गर्मियों में फलों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए मुहाना मंडी भेजा गया था। जांच के दौरान कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में खराब सेब, अंगूर, अनार, संतरा समेत अन्य फल पाए गए।

पूछताछ में फर्म के मैनेजर ने बताया कि ये फल अलग-अलग व्यापारियों द्वारा कोल्ड स्टोरेज में रखवाए गए थे। विभागीय टीम ने संबंधित व्यापारियों को मौके पर बुलाया। करीब 4 से 5 घंटे बाद पहुंचे कुछ व्यापारियों ने स्वीकार किया कि खराब फलों की छंटाई और धुलाई कर उन्हें कम कीमत पर फुटकर बाजार में बेच दिया जाता था।

खराब फलों की ब्रिकी पर सख्त चेतावनी

इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी देते हुए खराब फलों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। विभाग की टीम ने सभी दूषित फल और एक्सपायरी खजूर को मंडी के डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाया। संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान आम के गोदामों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही फल मंडी व्यापार संघ के साथ बैठक कर व्यापारियों को इथाईलीन के सुरक्षित और वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी गई। विभाग ने मंडी पदाधिकारियों को कोल्ड स्टोरेज में रखे खराब फलों की बिक्री रोकने के निर्देश भी दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी फल एवं सब्जी विक्रेताओं से एफएसएस एक्ट (FSS Act) के तहत अनिवार्य लाइसेंस बनवाने की अपील की है।


ट्रेंडिंग ख़बरें