नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

नई दिल्ली 17-Sep-2026 03:17 PM

नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि नशा व्यक्ति को विवेक से अविवेक की ओर ले जाता है और उसके स्वास्थ्य के साथ जीवन को भी प्रभावित करता है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

राज्यपाल  जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस एवं नशामुक्त भारत अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय को युवा शक्ति के विकास और कृषि क्षेत्र में अग्रणी बनाने का आह्वान किया। साथ ही, प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करने, नशामुक्ति एवं टीबी मुक्त अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और जल संरक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर समाज का सामूहिक अभियान बनना चाहिए। राज्यपाल ने नई शिक्षा नीति के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा से जोड़ने की आवश्यकता भी बताई।

इससे पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित कृषि मौसम पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण, कृषि संबंधी पुस्तकों और स्मारिका का विमोचन, प्रदर्शनी का अवलोकन तथा पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. पी. एस. चौहान, पूर्व न्यायाधीश करणी सिंह राठौड़ और डॉ. एनके. गुप्ता ने भी विचार रखे।


ट्रेंडिंग ख़बरें