नीति आयोग ने चुनीं 4 फसलें, राजस्थान में बनेगा स्पेशल फार्मिंग जोन 

नई दिल्ली 14-Sep-2026 03:37 PM

नीति आयोग ने चुनीं 4 फसलें, राजस्थान में बनेगा स्पेशल फार्मिंग जोन 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। अगर सबकुछ योजना के मुताबिक हुआ तो प्रदेश में एग्रो कलस्टर्स के इतर चार फसलों के लिए स्पेशल फार्मिंग जोन का विकास किया जायेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर नीति आयोग, भारत सरकार ने इसकी कवायद शुरू की है। हालांकि, इस नए प्रोजेक्ट का लाभ किन-किन जिलों को मिलेगा, यह तो भविष्य बताएंगा। लेकिन, शुरूआती जानकारी के मुताबिक पश्चिमी जिलों के साथ-साथ दक्षिणी जिलों को स्पेशल फार्मिंग जोन में शामिल किया जा सकता है। 

चार फसलो का चयन

स्पेशन फार्मिंग जोन विकास के लिए नीति आयोग के द्वारा चार फसलों का चयन किया गया है। जिसमें नागौर अश्वगंधा, अनार, हल्दी और अदरक की फसल शामिल है। क्योंकि, राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में इन फसलों की अच्छी मांग है। वहीं, कम लागत में बेहत्तर मुनाफा देने वाली यह फसल किसानों के लिए भी लाभकारी है। 

तलाश रहे है संभावना

इस प्रोजेक्ट के तहत कृषि-उद्यान विभाग के स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी है। पिछले दिनों नागौर अश्वगंधा को लेकर आयुक्त उद्यानिकी श्वेता चौधरी की अध्यक्षता में नागौर कृषि महाविद्यालय में पहली बैठक आयोजित हो चुकी है। इस बैठक में कृषि विशेषज्ञों के साथ-साथ किसानों से भी संवाद किया गया। 

जिलों का चयन बाद में 

बता दें कि नीति आयोग ने स्पेशन फार्मिंग जोन विकास के लिए संयुक्त निदेशक डॉ. राजेन्द्र खींचड़ को नोड़ल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि चयनित फसल में नागौरी अश्वगंधा पर विशेषज्ञ बैठक आयोजित हो चुकी है। जल्द ही, दूसरी फसलों पर बैठक आयोजित होगी। इसके बाद संभावित जिलों की सूची नीति आयोग को भेजी जायेगी। आयोग के दिशा-निर्देशानुसार ही जिलों का चयन किया जायेगा।