20 साल पुराना पांचना बांध जल विवाद खत्म, करौली के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

नई दिल्ली 01-Jul-2026 12:25 PM

20 साल पुराना पांचना बांध जल विवाद खत्म, करौली के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर, 1 जुलाई। राजस्थान सरकार की पहल से करौली जिले के पांचना बांध के पानी के बंटवारे को लेकर पिछले 20 वर्षों से चला आ रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जयपुर के शिक्षा संकुल में हुई महत्वपूर्ण बैठक में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ। समझौते के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम मौजूद रहे।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और किसान संगठनों ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में सहमति बनाई, जिससे लंबे समय से अटकी सिंचाई व्यवस्था को नई दिशा मिली है।

2100 एमसीएफटी क्षमता वाला बांध, 10 हजार हेक्टेयर को मिलेगा लाभ

2100 एमसीएफटी क्षमता वाले पांचना बांध से करीब 10 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होती है। हालांकि वर्ष 2006 के बाद से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी का प्रवाह बंद था। गुडला क्षेत्र के 21 राजस्व गांव लगातार यह मांग कर रहे थे कि पहले उन्हें लिफ्ट सिंचाई परियोजना से पानी उपलब्ध कराया जाए, उसके बाद नहरों में पानी छोड़ा जाए। यह मांग दो दशकों से लंबित थी।

बजट घोषणा बनी समाधान की आधारशिला

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2026-27 के बजट में गुडला क्षेत्र के 21 गांवों के लिए लिफ्ट सिंचाई योजना की घोषणा की थी। इसके बाद सरकार ने नहरों की मरम्मत के लिए 11.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, जिसका कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बैठक में जल संसाधन मंत्री ने भरोसा दिलाया कि योजना को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।

7 दिन में तय होगी पानी छोड़ने की तारीख

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि दोनों पक्षों की जायज मांगों पर सहमति बन चुकी है। अब सात दिन के भीतर विभाग पानी छोड़ने की तारीख तय करेगा। इसके बाद नहर प्रणाली का तकनीकी परीक्षण करते हुए पानी का प्रवाह शुरू किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि कमांड क्षेत्र में लिफ्ट सिंचाई तंत्र को मजबूत करने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी शीघ्र काम शुरू किया जाएगा।

मंत्रियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने इस समझौते को किसानों के हित में बड़ा कदम बताते हुए नहरों में जल्द पानी छोड़े जाने की अपील की। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए किसानों से आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया।

किसान संगठनों ने किया स्वागत

बैठक में जल संसाधन विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी। वहीं गुडला संघर्ष समिति, ग्रामोत्थान संस्था और गंभीर नदी जल बचाओ समिति के प्रतिनिधियों ने दो दशक पुरानी समस्या का समाधान होने पर राज्य सरकार का आभार जताया।

अब उम्मीद है कि लंबे इंतजार के बाद पांचना बांध का पानी फिर से खेतों तक पहुंचेगा और करौली क्षेत्र के हजारों किसानों को सिंचाई की बड़ी राहत मिलेगी।


ट्रेंडिंग ख़बरें