घर बैठे बुक होगी खाद, गैस सिलेंडर की तर्ज पर उर्वरक व्यवस्था की तैयारी

नई दिल्ली 21-Sep-2026 06:23 PM

घर बैठे बुक होगी खाद, गैस सिलेंडर की तर्ज पर उर्वरक व्यवस्था की तैयारी

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। किसानों को खाद के लिए कतार और भागदौड़ से राहत देने के लिए राजस्थान सरकार नई उर्वरक बुकिंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था में किसान यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की बुकिंग मोबाइल फोन, ऐप या अधिकृत डीलर के माध्यम से घर बैठे कर सकेंगे। भूमि, फसल और वास्तविक जरूरत के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ भविष्य में घर तक डिलीवरी की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने बताया कि कृषि विभाग सहकारिता विभाग के साथ मिलकर व्यवस्था विकसित कर रहा है। आवश्यक अनुमति मिलने के बाद इसे लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

यह पहल Farmer Fertilizer System (FFS) के पहले चरण से मिले अनुभव और किसानों के फीडबैक के आधार पर तैयार की जा रही है। FFS के तहत अब तक 8.31 लाख किसानों ने QR कोड जनरेट किए और करीब 1.20 लाख मीट्रिक टन उर्वरक खरीदा। किसानों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था में ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन विकल्प भी रखे जाएंगे। बटाईदार किसानों, ऑफलाइन खसरा, मंदिर माफी भूमि तथा अन्य विशेष राजस्व रिकॉर्ड वाली जमीनों को भी व्यवस्था से जोड़ने पर विचार किया जा रहा है।

रबी के लिए खाद का पर्याप्त स्टॉक

कृषि मंत्री ने किसानों से उर्वरकों को लेकर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। विभाग के अनुसार प्रदेश में करीब 3.24 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 1.08 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 95 हजार मीट्रिक टन एनपीके और 2.15 लाख मीट्रिक टन एसएसपी का मौजूदा स्टॉक उपलब्ध है। उर्वरकों की आपूर्ति लगातार जारी है।

वहीं, 1 से 30 सितंबर तक प्रदेश में Farmer ID बनाने का विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य तकनीक के माध्यम से उर्वरक वितरण को सरल, पारदर्शी और किसानों की वास्तविक जरूरत के अनुरूप बनाना है।


ट्रेंडिंग ख़बरें