किसानों का अन्तर्राज्यीय कृषक भ्रमण दल रवाना, सीखेंगे आधुनिक खेती

नई दिल्ली 24-Feb-2026 06:21 PM

किसानों का अन्तर्राज्यीय कृषक भ्रमण दल रवाना, सीखेंगे आधुनिक खेती

(सभी तस्वीरें- हलधर)

कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और अनुसंधान को किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आत्मा (ATMA) योजना के तहत अजमेर जिले के किसानों का अन्तर्राज्यीय किसान भ्रमण दल सोमवार को रवाना किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की विभिन्न पंचायत समितियों से चयनित प्रगतिशील किसानों को कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्रों की आधुनिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान किसान कृषि विज्ञान केन्द्र राजसमंद, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) उदयपुर, केवीके बड़गांव, एआरएसएस-केवीके प्रतापगढ़, केवीके चित्तौड़गढ़, केवीके भीलवाड़ा और प्रगतिशील किसानों के खेतों का दौरा करेंगे। यहां उन्हें उन्नत बीज किस्मों, जल एवं मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशी उपयोग, समेकित खेती प्रणाली, जैविक खेती, संरक्षित खेती, उद्यानिकी, डेयरी एवं पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

नई तकनीक अपनाने और आय बढ़ाने में मिलेगी मदद

किसान भ्रमण दल को कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) की उप निदेशक उषा चितारा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भ्रमण प्रभारी रामेश्वर लाल गेना (सहायक कृषि अधिकारी, टिकावड़ा) और सहप्रभारी जुगराज भैरा (कृषि पर्यवेक्षक, भगवानपुरा) भी मौजूद रहे। मौके पर उप परियोजना निदेशक आत्मा पूजा दोताणियाँ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने बताया कि इस भ्रमण से किसानों को नई तकनीक अपनाने और कृषि आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Read: पशुपालन मंत्री ने विधानसभा में दिया जवाब, निःशुल्क पशु चिकित्सा पर बोले..


ट्रेंडिंग ख़बरें