सहकारिता मंत्री ने समितियों में नये लोगों को अवसर पर कही बड़ी बात
(सभी तस्वीरें- हलधर)प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारी समितियों में कार्य करने का नये लोगों को भी समुचित अवसर मिलना चाहिए, जिससे उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का पूरा लाभ सहकारी क्षेत्र को मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
दक ने कहा कि राज्य सरकार सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाकर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्यमंत्री मंगलवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहकारी समितियों को ‘क्षेत्रीय उत्कृष्टता एवं श्रेष्ठता पुरस्कार-2025’ से सम्मानित किया।
सहकारिता मंत्रालय से आया बड़ा बदलाव
मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सहकारिता के महत्व को समझते हुए वर्ष 2021 में अलग से मंत्रालय बनाया और इसकी जिम्मेदारी अमित शाह को सौंपी। इसके बाद पिछले चार वर्षों में सहकारी क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार और विस्तार देखने को मिला है।
आत्मनिर्भर भारत में सहकारिता की भूमिका
दक ने कहा कि सहकारी आंदोलन आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
9 लाख नए सदस्य, 120 से अधिक पहलें लागू
सहकारिता मंत्री दक ने बताया कि राज्य में सहकारी सदस्यता अभियान चलाकर लगभग 9 लाख नए सदस्य जोड़े गए हैं। वर्तमान में सहकारिता क्षेत्र में 120 से अधिक पहलें संचालित हो रही हैं, जिससे समितियां लगातार सशक्त हो रही हैं।
निर्यात, पारदर्शिता और युवाओं पर जोर
मंत्री गौतम कुमार दक ने सहकारी समितियों से क्षेत्रीय उत्पादों के विपणन और निर्यात को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही ऑडिट और आमसभाएं समय पर कराने और युवाओं को सहकारी क्षेत्र में अवसर देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सहकारिता का लाभ नीचे तक पहुंचाने की आवश्यकता है।