प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों के लिए विशेष सलाह

नई दिल्ली 17-Mar-2026 07:12 PM

प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों के लिए विशेष सलाह

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 19 से 22 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

खड़ी और कटी फसलों को हो सकता है नुकसान

मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार इस दौरान तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और बारिश हो सकती है। ऐसे में खेतों में खड़ी गेहूं, जौ और चना की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा जिन किसानों की फसल कटकर खेत या खलिहान में पड़ी है, उन्हें भी बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है।

किसानों को एहतियात बरतने की सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि खलिहान में झोला लगाकर रखी गई फसल को बचाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था रखें। साथ ही कटी हुई फसल को समय रहते सुरक्षित स्थान पर भंडारित कर लेना चाहिए, ताकि बारिश से दाना खराब न हो और फसल में नमी भी न आए।

इन संभागों में ज्यादा असर की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर अधिक देखने को मिल सकता है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

रबी फसलों की कटाई के बीच बढ़ी किसानों की चिंता

प्रदेश में इस समय किसान रबी फसलों की कटाई में व्यस्त हैं। ऐसे में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट किसानों की चिंताओं को बढ़ा सकता है। इसलिए किसानों को मौसम की जानकारी पर नजर रखते हुए फसल सुरक्षा के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।