27.56 लाख पशुओं का बीमा,मिला 108 करोड़ का आर्थिक सहारा 

नई दिल्ली 03-Nov-2026 04:07 PM

27.56 लाख पशुओं का बीमा,मिला 108 करोड़ का आर्थिक सहारा 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। पशुधन की अकाल मौत अब पशुपालकों के लिए पूरी तरह आर्थिक तबाही का कारण नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत राज्य में अब तक 108 करोड़ रुपए से अधिक की बीमा राशि का भुगतान किया जा चुका है। योजना के तहत 18 लाख से अधिक पशुपालकों ने 44 लाख से अधिक पशुओं का पंजीकरण कराया है। इनमें से 27.56 लाख पशुओं की बीमा पॉलिसी जारी हो चुकी है।

ग्रामीण परिवारों की आजीविका का बड़ा आधार पशुपालन है। ऐसे में बीमारी, प्राकृतिक आपदा या अचानक पशु की मौत होने पर पशुपालक को दूध उत्पादन और पशुधन की कीमत, दोनों का नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार एक-दो पशुओं की मौत ही छोटे पशुपालक की पूरी सालभर की कमाई पर भारी पड़ जाती है। ऐसे जोखिम से राहत देने के लिए शुरू की गई मंगला पशु बीमा योजना अब पशुपालकों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच बन रही है।

योजना के तहत अब तक 30 लाख से अधिक पशुओं को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। हालांकि 44 लाख से अधिक पंजीकृत पशुओं में से 27.56 लाख की ही पॉलिसी जारी हुई है। पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश मीना ने पशुपालकों से अधिक से अधिक पशुओं का बीमा कराने की अपील की है। इसके लिए नजदीकी पशु चिकित्सा संस्थान में संपर्क किया जा सकता है।


ट्रेंडिंग ख़बरें