लम्पी प्रभावित गोवंश की समीक्षा, मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भरतपुर दौरे के दौरान जिला मुख्यालय स्थित पशुपालन विभाग के पॉलीक्लिनिक, बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय एवं क्षेत्रीय रोग निदान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने पशुधन के उपचार, रोग निदान सुविधाओं तथा लम्पी स्किन डिजीज से प्रभावित गोवंश के इलाज और रोकथाम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने चिकित्सालय में आने वाले श्वान, गाय, भैंस सहित विभिन्न पशुओं के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने लम्पी प्रभावित गोवंश के नियमित उपचार, बीमारी की रोकथाम तथा बीमार पशुओं के सैम्पल लेने और उनकी जांच प्रक्रिया की भी जानकारी अधिकारियों से ली।
उन्होंने पशु चिकित्सालय और प्रयोगशाला में साफ-सफाई एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पशुपालकों को समय पर बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पशुपालकों तक पहुंचाने और उन्हें उन्नत एवं नस्ल सुधार आधारित पशुपालन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेशचन्द्र मीना, संभागीय अतिरिक्त निदेशक डॉ. खुशीराम मीना, संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार, पॉलीक्लिनिक उपनिदेशक डॉ. राजीव सिंघल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।