राजस्थान संपर्क 181 की शिकायतों पर सख्ती, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
राजस्थान संपर्क 181 की शिकायतों पर सख्ती, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। पशुपालन विभाग के प्रमुख शासन सचिव विकास सीतारामजी भाले ने राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन का निरीक्षण कर लंबित परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद में परिवाद दर्ज करवाता है, इसलिए हर शिकायत को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाले ने चूरू के भूराराम के दुग्ध वाहन के लंबित भुगतान, पाली के गुलाबचंद की अनुदान राशि, डीग के आबिद की मत्स्य पालन प्रशिक्षण संबंधी समस्या तथा बाड़मेर के महिपाल एवं मोतीलाल की गोवंश के लिए चारा-पानी की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान संपर्क एआई के उपयोग की भी जानकारी ली और अधिकारियों को इसके प्रभावी इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षण देने की बात कही। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और तेज व सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
1962 पर कॉल, घर पहुंचेगी पशु चिकित्सा टीम
प्रमुख शासन सचिव ने पशुपालकों को 1962 हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बीमार पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। पशुपालक 1962 पर कॉल कर मोबाइल वेटरनरी वैन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इसके जरिए पशुओं को घर पर ही आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।