मांग के अनुरूप मिले यूरिया-डीएपी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

नई दिल्ली 13-Oct-2026 03:02 PM

मांग के अनुरूप मिले यूरिया-डीएपी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर । रबी सीजन में किसानों को यूरिया, डीएपी सहित सभी उर्वरकों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल और राजफैड प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश में उर्वरकों की उपलब्धता, आवंटन, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।

कृषि आयुक्त गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्वरकों का जिलेवार आवंटन वास्तविक खपत, फसल की जरूरत और क्षेत्रीय मांग के आधार पर किया जाए। किसानों को नजदीकी वितरण केंद्रों पर निर्धारित दरों पर बिना अनावश्यक परेशानी के उर्वरक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरिया-डीएपी के साथ किसी अन्य उत्पाद की अनिवार्य खरीद के लिए किसानों को बाध्य नहीं किया जाए। उर्वरक बिक्री में टैगिंग पर सख्ती बरतते हुए किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार बिना अतिरिक्त शर्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अवैध भंडारण, डायवर्जन और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने तथा आपूर्ति से अंतिम वितरण तक प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। अनियमितता मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को मृदा स्वास्थ्य और फसल की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों के इस्तेमाल की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। राजफैड एमडी सौरभ स्वामी ने कृषि एवं सहकारिता विभाग को आपसी समन्वय से काम करने तथा मांग, स्टॉक और वितरण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उर्वरक कंपनियों को निर्धारित आवंटन के अनुरूप समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।a


ट्रेंडिंग ख़बरें