2 बीघा में फूलों की खेती से 5.5 लाख शुद्ध कमाई!

नई दिल्ली 23-Feb-2026 01:40 PM

2 बीघा में फूलों की खेती से 5.5 लाख शुद्ध कमाई!

(सभी तस्वीरें- हलधर)

अकतासा, बूंदी। खेती से लाभ कमाने का जुनून हो तो किसान करत-करत अभ्यास... की तर्ज पर बहुत जल्द समृद्धि पा सकता है। किसान अनिल कहार ने यही किया है। पढ़ाई छोडने के बाद उन्होंने तकनीक आधार पर फूलों की खेती करना शुरू किया। परिणाम रहा है कि आय का आंकड़ा दोगुना हो गया। गौरतलब है कि अनिल फूल और सब्जी की खेती से सालाना साढे पांच लाख रूपए की आय ले रहा है। जबकि, सकल आय का आंकड़ा 7-8 लाख रूपए के करीब है। किसान अनिल ने हलधर टाइम्स को बताया कि परिवार के पास कुल 13 बीघा जमीन है। उन्होंने बताया कि 12वीं पास करने के बाद आईटीआई की। फिर एक साल इंदौर की एक कंपनी में 12 हजार रूपए महीने की नौकरी की। लेकिन, बाद में गांव लौट आया और आजीविका के लिए फूलों की खेती का श्री गणेश कर दिया। उन्होंने बताया कि तकनीक आधारित फूलो की खेती से घर बैठे ही नौकरी से ज्यादा कमा रहा हॅू। उन्होंने बताया कि फूलो का उत्पादन साल भर चलता है। कलकती के बाद गुलाब से आमदनी मिलना शुरू हो जाती है। बता दें कि किसान अनिल 2 बीघा क्षेत्र में कलकती और आधा बीघा क्षेत्र में गुलाब की खेती कर रहे है। उनका कहना है कि फूल फसल से सालाना साढे पांच लाख रूपए की बचत मिल रही है। जबकि,  परम्परागत फसलों में गेहूं, सरसों के साथ-साथ पशुओं के लिए चारा फसल का उत्पादन लेता हॅू। इन फसलों से सालाना डेढ़ लाख रूपए की बचत मिल जाती है।

सब्जी भी लाभकारी

उन्होने बताया कि सब्जी फसलों का उत्पादन पिताजी परम्परात तौर तरीके से लेते थे। लेकिन, अब इन फसलो की खेती में बेड, मल्च और ड्रिप आधारित हो चली है। इससे भी आय बढाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि 2 बीघा क्षेत्र में फूलगोभी, मिर्च और बैंगन फसल का उत्पादन लेता हॅॅू। इन फसलों से लाख से डेढ़ लाख रूपए बीघा की बचत मिल जाती है। 

दुग्ध से आय

पशुधन में मेरे पास 2 भैंस है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन 10-12 लीटर दुग्ध का उत्पादन मिल रहा है। इसमें से 5 किलो दुग्ध का डेयरी को बिक्री कर देता हॅू। इससे पशुधन का खर्च निकल जाता है। वहीं, फसल के लिए गोबर का खाद मिल जाता है। 

स्टोरी इनपुट: डॉ. एस.राम रूण्डला, डॉ. महेश चौधरी, डॉ. दीपक कुमार, केवीके, बूंदी


ट्रेंडिंग ख़बरें