असम में भाजपा की 'हैट्रिक, अब मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन

नई दिल्ली 09-May-2026 04:02 PM

असम में भाजपा की 'हैट्रिक, अब मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन

(सभी तस्वीरें- हलधर)

असम विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सत्ता की 'हैट्रिक' लगाई है। 126 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी ने अकेले 82 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि एनडीए गठबंधन (NDA) का कुल आंकड़ा 102 तक पहुंच गया है। इस शानदार जीत के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य की कमान किसके हाथों में होगी। 

असम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी कैबिनेट के साथ राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें नई सरकार बनने तक 'कार्यवाहक मुख्यमंत्री' के रूप में जिम्मेदारी संभालने को कहा है।

10 मई को 'ऑब्जर्वेशन मीटिंग' में होगा फैसला

मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कयासों का दौर जारी है। इसी सिलसिले में 10 मई को गुवाहाटी में बीजेपी विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक (Observation Meeting) बुलाई गई है। इस बैठक में तय किया जाएगा कि असम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। बीजेपी आलाकमान ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये दोनों नेता गुवाहाटी पहुंचकर नवनिर्वाचित विधायकों के साथ चर्चा करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह

राज्य सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख 12 मई तय की गई है। यह भव्य समारोह गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज मैदान में सुबह 11:00 बजे आयोजित होगा। माना जा रहा है कि दोबारा से मुख्यमंत्री के पद पर हेमंत बिस्वा के नाम की मुहार लग सकती हैं।

प्रधानमंत्री मोदी होंगे मुख्य अतिथि

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।


ट्रेंडिंग ख़बरें