ग्राम 2026 से गांव होंगे आत्मनिर्भर, किसान-पशुपालकों की आय के खुले नए रास्ते
ग्राम 2026 से गांव होंगे आत्मनिर्भर, किसान-पशुपालकों की आय के खुले नए रास्ते
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान राज्य कृषि प्रधान होने की वजह किसान यहां की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। बदलते समय के साथ कृषि क्षेत्र में भी आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और बाजार आधारित दृष्टिकोण को अपनाना जरूरी हो गया है। इसी सोच को साकार रूप देने के लिए कृषि विभाग और राजस्थान सरकार द्वारा 23 से 25 मई 2026 तक ग्राम का आयोजन जयपुर मे किया जा रहा हैं।
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को धान्कया के पंचायत मुख्यालय मे आयोजित संध्या चौपाल को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए राजस्थान सरकार के विधि एवं संसदीय मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि यह तीन दिवसीय आयोजन राज्य की कृषि व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक अनूठा कदम है।
किसानों और पशुपालक को नए अवसर
इस भव्य आयोजन में कृषि उत्पादन, कृषि तकनीक, कृषि प्रसंस्करण, उद्यानिकी तथा पशुपालन से जुड़ी अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियां, इंडस्ट्री लीडर्स, तकनीकी विशेषज्ञ और हजारों किसान एक ही मंच पर एकत्रित होंगे। यह आयोजन किसानों को उन्नत खेती, पशुपालन और बागवानी के नवीनतम तरीकों से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें विशेषज्ञों से सीखने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा।
राज्य बनेगा उन्नत
राजस्थान सरकार के खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने इस दौरान ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कथन है कि सश्क्त ग्राम से ही सशक्त देश बनता है। हमारी सरकार का उद्देश्य राज्य के कृषकों पशुपालकों के साथ-साथ राज्य के प्रत्येक नागरिकों को उन्नत बनाना है।
किसानों को बनाना है सशक्त
उन्होंने बताया कि ग्राम-2026 का मुख्य उद्देश्य किसानों को सशक्त बनाना है, ताकि वे आधुनिक तकनीकों और सर्वोत्तम कृषि प्रथाओं को अपनाकर अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही यह मंच कृषि नवाचारों को प्रदर्शित करने, शोध एवं विकास को बढ़ावा देने और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को एक साझा प्लेटफॉर्म प्रदान करने का कार्य करेगा।
साथ ही, मार्केटिंग टाई-अप, संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय निवेश के अवसरों को भी प्रोत्साहित करेगा। इससे कृषि क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसर विकसित होंगे और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
किसानों को मिलेगा मंच
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण “ग्राम प्रदर्शनी” होगी, जिसमें कृषि, जैविक खेती, बागवानी, पशुपालन और कृषि-प्रसंस्करण से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों, उपकरणों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, स्टार्टअप्स और एग्री-टेक कंपनियों को अपने नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा।
ग्राम 2026 का प्रचार-प्रसार
इस दौरान कला जत्था के स्थानिय कलाकारों द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार नाच गाकर अनूठे अंदाज में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियो सहित सभी ग्रामीणो ने ग्राम रथ के एलईडी पर राज्य सरकार की योजनाओ के साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संदेश भी सुने।
इस दौरान जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, जिला कलेक्टर संदेश नायक, जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे।