सहकारिता विभाग के नए CS ने पदभार संभालते ही लिया ये सख्त एक्शन
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। सहकारिता विभाग के नए शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही डॉ. शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। नेहरू सहकार भवन में विभागीय निरीक्षण के दौरान सुबह 10 बजे 36 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनमें 19 अधिकारी और 17 कर्मचारी शामिल थे।
पदभार संभालने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहकारिता विभाग का सीधा संबंध किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से है, इसलिए योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से किसानों तक पहुंचना जरूरी है।
किसानों के हित पर फोकस
डॉ. शर्मा ने निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें। उन्होंने ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए कहा कि किसानों की सुविधा और समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सख्त निर्देश और जवाबदेही तय
डॉ. समित शर्मा ने अधिकारियों को समय पर कार्यालय आने, पेंडेंसी शून्य करने और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने भ्रष्टाचारमुक्त कार्यप्रणाली अपनाने और किसानों को बेहतर सेवाएं देने पर विशेष जोर दिया।