खेती में इजराइल के सहयोग से ये काम करेगा भारत

नई दिल्ली 22-Nov-2025 06:29 PM

खेती में इजराइल के सहयोग से ये काम करेगा भारत

(सभी तस्वीरें- हलधर)

केंद्र सरकार किसान कल्याण के लिए समय-समय पर महत्वपूर्ण फैसले लेती रही है। अब सरकार खेती में आधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल कर किसानों को समृद्ध बनाने पर जोर दे रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत अपने मित्र देश इजराइल से सहयोग लेगा। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी इजराइल यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में आर्थिक और तकनीकी संबंधों को नई दिशा देने की बात कही है। उन्होंने इजराइल के कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री एवी डिक्टर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने कृषि क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। इसके साथ ही भारत और इजराइल के बीच एक स्टार्टअप ब्रिज बनाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

इजराइल की विशेषज्ञता का उपयोग करेगा भारत

मंत्री पीयूष गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि एवी डिक्टर के साथ उनकी बैठक बेहद सार्थक रही। इस दौरान इजराइल की आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाने पर सहमति बनीं। भारत खासतौर से इजराइल की सटीक खेती, ड्रिप सिंचाई, रेगिस्तानी खेती और टिकाऊ कृषि पद्धतियों में मौजूद विशेषज्ञता का उपयोग देश के करोड़ों किसानों के लिए करना चाहता है। मंत्री गोयल ने बताया कि 20 नवंबर को भारत और इजराइल ने मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू करने के लिए औपचारिक रूप से टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर हस्ताक्षर किए हैं।

कई क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे दोनों देश

वाणिज्य और उद्योग मंत्री गोयल ने कहा कि भारत के पास विशाल बाजार है और इजराइल के पास उच्च गुणवत्ता वाले इनोवेशन हैं। उन्होंने कहा कि हमने सहयोग के लिए कई प्रमुख क्षेत्रों को चिन्हित किया है। इनमें सटीक कृषि, साइबर सुरक्षा, मोबिलिटी, जलवायु परिवर्तन, ग्रीन स्टील, मेट्रो परियोजनाएं और मेड-टेक डिवाइसेज (चिकित्सा तकनीक) शामिल है। गोयल ने आगे कहा कि भारत का लक्ष्य आने वाले वर्षों में दुनिया की 'स्टार्टअप राजधानी' बनना है। इजराइल के स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स भारत के साथ काम करने के लिए काफी उत्साहित हैं। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इजरायल के अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री निर बरकत के निमंत्रण पर 20 से 22 नवंबर, 2025 तक अपनी तीन दिवसीय इजराइल यात्रा पर हैं।

Read: मुख्यमंत्री की अनूठी पहल, किसानों को मिलेगी प्रतिवर्ष ₹30 हजार की आर्थिक सहायता


ट्रेंडिंग ख़बरें