जयपुर में नकली पोटाश फैक्ट्री का भंडाफोड़, 25 टन से ज्यादा संदिग्ध खाद जब्त

नई दिल्ली 24-Sep-2026 12:31 PM

जयपुर में नकली पोटाश फैक्ट्री का भंडाफोड़, 25 टन से ज्यादा संदिग्ध खाद जब्त

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। जयपुर में किसानों के साथ धोखाधड़ी कर नकली खाद बेचने के मामले में कृषि विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विभाग की टीम ने  लूणियावास क्षेत्र में मैसर्स एसडीबी इंडस्ट्रीज के गोदाम पर छापा मारकर 25.35 मैट्रिक टन संदिग्ध पोटाश, 67.50 मैट्रिक टन दानेदार नमक, 0.80 मैट्रिक टन सूखा लाल रंग और पोटाश के नाम से छपे 34 खाली कट्टे बरामद किए। मौके पर नमक को मशीन से लाल रंग कर पोटाश के रूप में पैक किया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई में भी नकली खाद से जुड़े 500 से अधिक कट्टे और एक ट्रक बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

मशीन से नमक को लाल रंग कर पोटाश की पैकिंग

\कृषि विभाग के अनुसार, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), कैलाश चन्द मीणा के निर्देश पर उर्वरक निरीक्षक जितेन्द्र सिंह और सुमन कुमारी यादव ने लूणियावास स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। मौके पर एक मशीन में दानेदार नमक को लाल रंग किया जा रहा था और उसे पोटाश के रूप में कट्टों में भरा जा रहा था। \गोदाम से मिले खाली कट्टों पर श्रीराम एग्रीटेक एंड ट्रेडर, मुरादाबाद निर्माता का नाम अंकित था। विभाग ने संदिग्ध माल को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया।

पूछताछ में सामने आए कई नाम

मौके पर मौजूद सुनील शर्मा पुत्र सीताराम शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि वह यह काम निखिल शर्मा, कमलेश मीणा निवासी नटाटा-कुकस, नरेन्द्र मीणा निवासी नटाटा-कुकस तथा राजेश गुर्जर निवासी शाहपुरा के कहने पर करता था। उसके अनुसार उनके निर्देश पर तैयार माल दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। पूछताछ के दौरान ई-बिल और सप्लाई बिल भी प्रस्तुत किए गए।

कृषि विभाग की ओर से जब्त माल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दौलतपुरा थाने में एफआईआर संख्या 0218 दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

DST टीम की सूचना पर पुलिस की भी कार्रवाई

इधर, जयपुर पश्चिम में DCP वेस्ट प्रशान्त किरण के निर्देशन और ADCP राजेश गुप्ता के सुपरविजन में जयपुर वेस्ट DST टीम ने भी नकली खाद बनाने के ठिकाने पर कार्रवाई की। टीम ने दौलतपुरा थाना क्षेत्र के भेरू खेजड़ा इलाके में छापा मारकर नकली खाद तैयार किए जाने का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार यहां नमक में बजरी सहित अन्य सामग्री मिलाकर नकली पोटाश और सुपर फॉस्फेट तैयार किए जाने की सूचना थी। मौके से 500 से ज्यादा कट्टे और एक ट्रक बरामद किए गए तथा एक युवक को डिटेन किया गया।

पुलिस को यह इनपुट जयपुर में बैठे-बैठे मिला, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में नकली खाद की सप्लाई बिहार और मध्य प्रदेश तक किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पहले भी सामने आ चुके हैं आरोपियों के नाम

कृषि विभाग के अनुसार, शाहपुरा और रामलियावाला में पूर्व में की गई कार्रवाइयों के दौरान भी निखिल शर्मा, कमलेश मीणा और नरेन्द्र मीणा के नाम सामने आ चुके हैं। इन मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। विभाग का आरोप है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोग नमक और मिट्टी जैसी सामग्री से नकली खाद तैयार कर प्रतिष्ठित कंपनियों के मार्का लगे कट्टों में पैक करते थे और इसे किसानों को असली खाद बताकर बेचते थे। इससे किसानों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी के साथ फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका भी है।

पुलिस खंगाल रही सप्लाई नेटवर्क

दौलतपुरा थाना पुलिस अब पूरे मामले में गोदाम से मिले माल, बिलों, ट्रक और अन्य दस्तावेजों के आधार पर सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच का फोकस नकली खाद तैयार करने वाले लोगों के साथ-साथ इसके परिवहन, पैकिंग और दूसरे राज्यों में भेजे जाने वाले नेटवर्क पर भी है। कृषि विभाग ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


ट्रेंडिंग ख़बरें