किसानों को दी ‘ग्राम एग्रीटेक मीट’ की जानकारी, 31 मार्च तक कर सकते हैं पंजीकरण

नई दिल्ली 12-Mar-2026 06:50 PM

किसानों को दी ‘ग्राम एग्रीटेक मीट’ की जानकारी, 31 मार्च तक कर सकते हैं पंजीकरण

(सभी तस्वीरें- हलधर)

बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) 2026 के मद्देनजर कृषि विभाग द्वारा किसानों को कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी के तहत अतिरिक्त निदेशक कृषि त्रिलोक कुमार जोशी ने पटवार किलचु देवड़ान के राजस्व ग्राम सुरधना पड़ीहारान में चने की फसल के फसल कटाई प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें ग्राम एग्रीटेक मीट के उद्देश्य और उसमें भागीदारी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बीकानेर जिले में होंगे 6776 फसल कटाई प्रयोग

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निदेशक त्रिलोक कुमार जोशी ने बताया कि बीकानेर जिले में रबी सीजन के दौरान चना, गेहूं और सरसों सहित विभिन्न फसलों के कुल 6776 फसल कटाई प्रयोग किए जाएंगे। ये प्रयोग कृषि विभाग के फील्ड फंक्शनरीज द्वारा संपादित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य फसल उत्पादन का वैज्ञानिक आकलन करना और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना है।

ग्राम एग्रीटेक मीट के लिए त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने किसानों को बताया कि राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) 2026 में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके तहत ग्राम पंचायत और उपखंड स्तर पर निर्धारित लक्ष्य से 1.25 गुना किसानों का चयन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक प्रगतिशील किसानों को इस कार्यक्रम से जोड़ा जा सके।

31 मार्च तक ऑनलाइन पंजीकरण का अवसर

कृषि आयुक्तालय जयपुर के निर्देशानुसार इच्छुक किसानों को ग्राम पोर्टल (https://gram-rajasthan.in) पर निर्धारित प्रपत्र में ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। बीकानेर संभाग से कुल 6000 किसानों की भागीदारी प्रस्तावित है, जिसमें बीकानेर जिले से 2520, जैसलमेर से 1380 और चूरू से 2100 किसानों का पंजीकरण किया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वे 31 मार्च तक पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवाएं।

कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी

इस अवसर पर सांख्यिकी अधिकारी श्यामसुंदर अग्रवाल, भारतीय कृषि बीमा कंपनी के क्लस्टर हेड दीपक सिंह, तहसील प्रतिनिधि राहुल धाकड़ और कृषि पर्यवेक्षक मालाराम सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


ट्रेंडिंग ख़बरें