राजस्थान: प्याज किसानों को बड़ी राहत, भंडारण संरचना पर मिल रहा इतना अनुदान

नई दिल्ली 30-Mar-2026 12:45 PM

राजस्थान: प्याज किसानों को बड़ी राहत, भंडारण संरचना पर मिल रहा इतना अनुदान

(सभी तस्वीरें- हलधर)

बीकानेर। प्याज किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत समन्वित फसलोत्तर प्रबंधन योजना में कम लागत की प्याज भंडारण संरचना पर उद्यान विभाग द्वारा 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसान अब फसल को सुरक्षित रखकर उचित बाजार भाव मिलने पर बेच पा रहे हैं। सरकार की इस योजना से न केवल प्रदेश के किसानों को बड़ा फायदा हो रहा है। बल्कि उन्हें प्याज की खेती के लिए प्रोत्साहन भी मिल रहा है।

25 मीट्रिक टन क्षमता पर ₹87,500 तक अनुदान

उद्यान विभाग की उपनिदेशक रेणु वर्मा ने बताया कि 25 मीट्रिक टन क्षमता वाली भंडारण संरचना के निर्माण पर किसानों को 87,500 रुपये तक का अनुदान दिया जाता है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार 4 या 8 फीट चौड़े रास्ते के साथ संरचना तैयार कर सकते हैं, जिससे लोडिंग-अनलोडिंग आसान हो सके।

भंडारण से बढ़ी किसानों की आय

सहायक निदेशक मुकेश गहलोत के अनुसार, जिले में अब तक 45 प्याज भंडारण संरचनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं। बीकानेर, नोखा, पांचू, श्रीडूंगरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में ये संरचनाएं बन चुकी हैं। किसान अब तुरंत बिक्री के बजाय भंडारण कर सही समय पर फसल बेच रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर कीमत मिल रही है।

महिला किसानों की भी भागीदारी

बीकानेर जिले के मालासर क्षेत्र में महिला किसान पुरा देवी के खेत पर बनी भंडारण संरचना इसका सफल उदाहरण है। अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर योजना के सकारात्मक परिणामों को सराहा। 

योजना से बढ़ा भरोसा, किसान कर रहे सराहना

प्रदेश और जिले में प्याज का रकबा बढ़ने के साथ इस योजना का लाभ भी तेजी से किसानों तक पहुंच रहा है। भंडारण सुविधा मिलने से किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से राहत मिल रही है और उनकी आय में सुधार हो रहा है।


ट्रेंडिंग ख़बरें