पीएम किसान योजना: लाभ जारी रखने के लिए आधार सीडिंग और डीबीटी अनिवार्य

नई दिल्ली 28-Feb-2026 01:49 PM

पीएम किसान योजना: लाभ जारी रखने के लिए आधार सीडिंग और डीबीटी अनिवार्य

(सभी तस्वीरें- हलधर)

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी लाभार्थी किसानों के लिए आधार सीडिंग और डीबीटी (Direct Benefit Transfer) प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है। श्रीगंगानगर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें योजना की आगामी किस्तों का लाभ नहीं मिल सकेगा।

1.73 लाख किसानों ने पूरी की प्रक्रिया, हजारों अभी भी वंचित

श्रीगंगानगर जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि जिले में अब तक 1,73,335 किसानों द्वारा आधार सीडिंग और डीबीटी प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है, जबकि 7,153 किसान अभी भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं। इन किसानों को जल्द से जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें योजना की आगामी किस्तों से वंचित न रहना पड़े।

किसानों की सुविधा के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, श्रीगंगानगर द्वारा विभिन्न ब्लॉकों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। किसान अपने आधार कार्ड और बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचकर डीबीटी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:

अनूपगढ़ – 26 फरवरी

सूरतगढ़ – 6 मार्च

रायसिंहनगर – 11 मार्च

पदमपुर – 17 मार्च

घड़साना – 24 मार्च

सादुलशहर – 30 मार्च

विजयनगर – 8 अप्रैल

करणपुर – 15 अप्रैल

गंगानगर – 21 अप्रैल 2026

ई-केवाईसी भी जरूरी, ई-मित्र और सीएससी केंद्रों पर सुविधा

जिला प्रशासन ने बताया कि जिन किसानों की ई-केवाईसी लंबित है, वे नजदीकी ई-मित्र या सीएससी सेंटर पर जाकर प्रक्रिया पूरी करें। इससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। प्रशासन ने सभी पात्र किसानों से निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करने और योजना का लाभ सुनिश्चित करने की अपील की है।

Read: चने की फसल का फली छेदक कीट से ऐसे करें बचाव


ट्रेंडिंग ख़बरें