राज्य का पहला ‘नेफेड बाजार’ शुरू, किसानों को मिलेगा उचित मूल्य
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने नेहरू सहकार भवन में नेशनल एग्रीकल्चर को-ऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (नेफेड) के रिटेल आउटलेट ‘नेफेड बाजार’ का फीता काटकर उद्घाटन किया। ‘किसान से किचन तक’ की संकल्पना पर आधारित इस पहल का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराना है।
‘किसान से किचन तक’ की नई पहल
उद्घाटन समारोह में मंत्री दक ने कहा कि सहकारिता केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास का माध्यम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का पहला ‘नेफेड बाजार’ किसानों की समृद्धि और उपभोक्ताओं की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
किसानों को उचित मूल्य, उपभोक्ताओं को गुणवत्ता
सहकारिता राज्य मंत्री ने बताया कि वर्ष 1958 से किसानों की सहकारी संस्था के रूप में नेफेड किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्थान जैसे कृषि प्रधान राज्य में ऐसी पहलें बेहद महत्वपूर्ण हैं, जो किसानों के लिए स्थायी और लाभकारी विपणन व्यवस्था सुनिश्चित करती हैं।
अन्य जिलों में भी खुलेंगे नेफेड बाजार
मंत्री दक ने विश्वास जताया कि यह बाजार उपभोक्ताओं को शुद्ध, प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराएगा और किसानों के लिए बेहतर विपणन का रास्ता खोलेगा। साथ ही उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य के अन्य जिलों में भी ‘नेफेड बाजार’ स्थापित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर सहकारिता विभाग की शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार सहकारी समितियां आनन्दी, नेफेड के निदेशक रामप्रकाश चौधरी सहित विभाग और नेफेड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Read: मुख्य सचिव ने ग्राम उत्थान शिविरों की समीक्षा बैठक में कही ये बात