नींबू के बगीचे में जड़ सड़न से हो रहा नुकसान? जानिए रोग और सटीक इलाज
(सभी तस्वीरें- हलधर)रामहेतीराम, सवाईमाधोपुर
हलधर टाइम्स। आपने पौधे के जो लक्षण बताएं हैं, वह शुष्क जड़ गलन रोग के प्रतीत हो रहे हैं। नींबू बगीचे में जड़ों के पास छाल गलना और बदबू आना गंभीर समस्या का संकेत है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह शुष्क जड़ गलन (Dry Root Rot) रोग है, जो फ्यूजेरियम, मैक्रोफोमिना और डिप्लोडिया जैसे कवकों से होता है। समय पर इसकी पहचान और सही उपचार से इस रोग को नियंत्रित किया जा सकता है, वरना पूरा बगीचा प्रभावित हो सकता है।
ऐसे पहचानें रोग
जड़ों की छाल जमीन के नीचे से गलने लगती है।
जड़ों से दुर्गंध आती है।
पौधे कमजोर होकर सूखने लगते हैं।
पत्तियां पीली पड़ सकती हैं।
कैसे करें नियंत्रण
पेड़ के थाले (रूट जोन) में कार्बेन्डाजिम 0.1% का घोल डालें।
इसके बाद क्लोरोथैलोनिल 0.2% का घोल दें।
सिंचाई के 12–24 घंटे बाद ड्रेन्चिंग करें।
यह प्रक्रिया हर 30 दिन में दोहराएं।
प्रति 1 वर्ग मीटर क्षेत्र में 1 लीटर घोल का उपयोग करें।
नींबू किसान बरतें ये अतिरिक्त सावधानियां
खेत में पानी का जमाव बिल्कुल न होने दें।
संक्रमित पौधों के आसपास की मिट्टी को ढीला रखें।
जैविक खाद (ट्राइकोडर्मा युक्त) का प्रयोग करें।
नींबू बगीचे में बहुत ज्यादा सिंचाई से बचें।