किसान गेहूँ की बुवाई से पहले चुनें ये उन्नत किस्में, बढ़ेगा उत्पादन
(सभी तस्वीरें- हलधर)रिकॉर्ड उत्पादन: वर्ष 2021-2022 में 30.56 मिलियन हेक्टेयर भूमि में 106.84 मिलियन टन गेहूँ का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ। वर्ष 2020-2021 में राजस्थान की 25.80 लाख हेक्टेयर भूमि में औसतन 38.06 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के साथ कुल 98.19 लाख टन गेहूँ का उत्पादन हुआ था। अनुसंधान कार्य: प्रदेश में 'राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा' में अखिल भारतीय गेहूँ-जौ अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत गेहूँ के आनुवंशिक सुधार, उत्पादन और फसल संरक्षण तकनीक पर सतत अनुसंधान चल रहा है। बदलते मौसम, घटते भूजल स्तर और सीमित संसाधनों की दशा में खेती के पारंपरिक तरीकों से गेहूँ का उत्पादन बढ़ाना संभव नहीं है। ऐसे में किसान भाइयों को पैदावार बढ़ाने के लिए खेती को संयोजित ढंग से करना जरूरी है।
1. किस्म का चयन:
मिट्टी-क्षेत्रानुसार अनुमोदित किस्में:
हल्की-दोमट मिट्टी: राज-3765, 3077, 3777, 4037, 4120, 4238, 4079, एचडी-2976, 3226, डीबीडब्ल्यू-187, 303।
भारी मिट्टी: राज-3765, 3077, 3777, 1482, 1555 (कठिया), 6560 (कठिया)।
क्षारीय, लवणयुक्त, पेट्राकास्ट: राज-3077।
तापक्रम सहनशील: राज-4037, 4079, डीबीडब्ल्यू-296, 327, एमपी-1358।
देरी से बुवाई: राज-3765, 3077, 3777, 4083, 4238।
जलभराव क्षेत्र: राज-3077।
मोर्चाग्रस्त क्षेत्र: आरएमआर-1।
उच्च प्रोटीन (12.2 प्रतिशत): डीबीडब्ल्यू-332।
उच्च जिंक (44 पीपीएम): एचआई-1636।
2. खेत तैयारी, भूमि उपचार:
बुवाई से एक माह पूर्व प्रति हेक्टेयर 8 से 10 टन सड़ी गोबर खाद अथवा 2.5 से 3 टन केंचुआ खाद।
दीमकप्रकोप वाले खेतों में अंतिम जुताई से पूर्व प्रति हेक्टेयर 25 किग्रा. क्योर्नाफॉस 1.5 प्रतिशत चूर्ण भूमि में डालना चाहिए।
सूत्रकृमि जनित मोत्या रोग प्रभावित क्षेत्रों में बुवाई से पूर्व प्रति हेक्टेयर 45 किग्रा. कार्बोफ्यूरान 3 प्रतिशत कण भूमि में उरकर डालना चाहिए।
गंधक की कमी वाले क्षेत्र में अंतिम जुताई से पूर्व 200 किग्रा. जिप्सम भूमि में समान रूप से बिखेर कर देनी चाहिए।
3. बुवाई का समय:
समय पर बुवाई (सिंचित): 10 से 25 नवंबर तक।
देर से बुवाई (सिंचित): 25 दिसंबर तक।
4. बीज की मात्रा:
हल्की-दोमट मिट्टी: 100 किग्रा. प्रति हेक्टेयर।
अन्य सभी दशाओं में: 125 किग्रा. प्रति हेक्टेयर।
5. बीजोपचार:
पत्ती कण्डवा और अनावृत कण्डवा से बचाव के लिए टेबुकोनाजोल 2डीएस 1.25 ग्राम अथवा कार्बेन्डाजिम 2 ग्राम प्रति किग्रा. बीज।
दीमक नियंत्रण के लिये 6 मिली. क्लोपायरीफॉस 5 एस.सी. अथवा 1.5 ग्राम क्लोथियानिडिन 50 डब्ल्यू.डी.जी. दवा प्रति किलो बीज।
अंतिम एजोटोबैक्टर जीवाणु कल्चर से करना चाहिए। एक हेक्टेयर क्षेत्र के बीज के लिए तीन पैकेट कल्चर काम में लेना चाहिए। कल्चर से उपचारित बीज को छाया में सुखाकर तुरंत बुवाई करनी चाहिए। ध्यान रहे, बीजोपचार का यह काम बुवाई शुरू करने से केवल 2-3 घंटे पूर्व ही करनी चाहिए।
पाँति से पाँति की दूरी: 20-23 सेमी।
बीज की गहराई: 5-6 सेमी।
6. उर्वरक प्रयोग:
सिंचित क्षेत्र: नत्रजन = 90-100 किग्रा., फास्फोरस = 20-30 किग्रा. प्रति हेक्टेयर।
बारानी-पेट्राकास्ट: नत्रजन = 30 किग्रा., फास्फोरस = 15 किग्रा. प्रति हेक्टेयर।
सिंचित क्षेत्रों में नत्रजन की आधी मात्रा दो समान भागों में बांटकर पहली और दूसरी सिंचाई के तुरन्त बाद दे। बारानी-पेट्राकास्ट में उर्वरकों की पूरी मात्रा बुवाई के समय ही खेत में उर कर देनी चाहिए। जस्ते की कमी वाले खेतों में प्रति हेक्टेयर 25 किग्रा. जिंक सल्फेट अथवा 10 किग्रा. चिलेटेड जिंक उर्वरक के साथ मिलाकर देनी चाहिए।