5 लाख से 30 लाख पहुंची कमाई, किसान ने अपनाई आधुनिक खेती
(सभी तस्वीरें- हलधर)

मोड़ी, झालावाड़। दीपावली का त्योहार हर घर में खुशियों और नई उम्मीदों का उजाला लेकर आता है। किसान कालू सिंह राठौड़ के जीवन में भी खेती ने ऐसा ही उजास भरा है। कभी नौकरी के जरिए परिवार की आजीविका चलाने वाले कालू सिंह ने संरक्षित खेती को अपनाया और अब इनके खेत समन्वित कृषि की कहानी बयां कर रहे है। इससे कमाई का आंकड़ा भी बढक़र 28-30 लाख रूपए के करीब पहुंच चुका है। जबकि, पहले सालाना 5-6 लाख रूपए की आमदनी मिलती थी। किसान कालू सिंह ने हलधर टाइम्स को बताया कि 12वीं तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद आईटीआई का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद करीब 17 साल तक प्राईवेट कंपनी में नौकरी की। लेकिन, बाद में खेती से जुड़ गया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में परम्परागत फसलों का उत्पादन लिया। लेकिन, आय का आंकड़ा देखते हुए कुछ नया करने का विचार किया और यह विचार मुझे संरक्षित खेती की ओर ले गया। वर्ष 2018 में 4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉली हाउस स्थापित किया। इससे मिली आय से हौंसला बढ़ा और कभी पीछे मुडक़र देखने की नौबत नहीं आई। गौरतलब है कि किसान कालू सिंह के पास 24 बीघा जमीन है। सिंचाई के लिए एक कुआं है। जल बचत के लिए ड्रिप सिंचाई और विद्युत के लिए सोलर पंप का उपयोग कर रहे है। उन्होंने बताया कि परम्परागत फसलों में गेहूं, सोयाबीन, धनिया और लहसुन जैसी फसलों का उत्पादन लेता हॅू। इन फसलों से सालाना दो लाख रूपए की आमदनी मिल जाती है।
तीन पॉली हाउस के मालिक
उन्होने बताया कि वर्ष 2018 में पहला पॉली हाउस बनकर तैयार हुआ। इसमें खीरे की फसल लगाई। पहली फसल से लाखों में आमदनी हुई तो हौंसला बढ़ा। फिर वर्ष 2019 और वर्ष 2021 में 4-4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में नये पॉली हाउस स्थापित करवाएं। उन्होंने बताया कि साल में खीरे की दो फसल लेता हॅू। इन फसलों से खर्च निकालने के बाद सालाना 24 लाख रूपए की शुद्ध बचत मिल जाती है।
गेंदा और तरबूज का नया अध्याय
उन्होने बताया कि फसल विविधीकरण को अपनाते हुए अलग-अलग फसलों का उत्पादन शुरू किया, ताकि, किसी एक फसल पर निर्भरता नहीं रहे। उन्होंने बताया क िपिछले दो साल से गेंदा फूल की खेती कर रहा हॅू। इस साल 2 एकड़ क्षेत्र में गेंदा फूल का उत्पादन लिया है। इससे सवा लाख रूपए की बचत अनुमानित है। वहीं, आधा एकड़ क्षेत्र में लगी तरबूज की फसल से डेढ़ लाख रूपए का शुद्ध मुनाफा मिला है।
बायोगैस और वर्मी कम्पोस्ट
उन्होंने बताया कि खेती के साथ पशुपालन को भी अपनी आजीविका का हिस्सा बनाया हुआ है। मेरे पास 4 भैंस और 3 गाय हैं। इनसे प्रतिदिन करीब 16 लीटर दूध का उत्पादन होता है। उन्होने बताया कि घरेलू आवश्यकता पूर्ति के बाद शेष रहने वाले दुग्ध से घी तैयार कर लेता हॅू। वहीं, पशु अपशिष्ट का उपयोग बायोगैस और वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार करने में कर रहा हॅू। वर्मी की 4 बेड़ मेरे पास है।