मक्का बीज उत्पादन से कमाएं लाखों रुपये, सामान्य खेती से दोगुना हो सकता है मुनाफा

नई दिल्ली 17-Jul-2026 03:57 PM

मक्का बीज उत्पादन से कमाएं लाखों रुपये, सामान्य खेती से दोगुना हो सकता है मुनाफा

(सभी तस्वीरें- हलधर)

मक्का आज सिर्फ एक खाद्यान्न फसल नहीं रह गया है, बल्कि किसानों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बनता जा रहा है। खासकर मक्का बीज उत्पादन (सीड प्रोडक्शन) किसानों को सामान्य मक्का खेती की तुलना में कहीं अधिक लाभ दे रहा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसान सही तकनीक और समय पर मक्का बीज उत्पादन करें, तो प्रति हेक्टेयर 4 लाख रुपये तक की शुद्ध कमाई हासिल कर सकते हैं।

अगस्त का पहला पखवाड़ा है सबसे बेहतर समय

देर से खरीफ सीजन में मक्का बीज उत्पादन के लिए 1 से 15 अगस्त तक का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है। इस अवधि में बुवाई करने पर किसान प्रति हेक्टेयर औसतन 2500 किलोग्राम तक बीज उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। मक्का बीज की बाजार में अच्छी मांग रहती है और इसकी औसत कीमत करीब 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक मिल सकती है। ऐसे में एक हेक्टेयर से लगभग 5 लाख रुपये तक की कुल आय प्राप्त होने की संभावना रहती है।

सामान्य खेती से क्यों है ज्यादा फायदेमंद?

मक्का बीज उत्पादन में लागत निकालने के बाद भी किसान प्रति हेक्टेयर 3.75 से 4 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं। यह कमर्शियल अनाज मक्का की खेती से होने वाली आमदनी की तुलना में लगभग दोगुना है। यही वजह है कि कई किसान अब पारंपरिक मक्का उत्पादन के बजाय बीज उत्पादन की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा बीज उत्पादन के साथ फसल चक्र अपनाकर किसान सालभर अपने खेत से अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकते हैं।

नई हाइब्रिड किस्में बढ़ा रही हैं पैदावार

मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ICAR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मक्का रिसर्च (IIMR) लगातार नई हाइब्रिड किस्में विकसित कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में संस्थान ने कई उन्नत हाइब्रिड किस्में जारी की हैं, जिनसे किसानों की उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि हुई है। इन किस्मों की मांग बीज कंपनियों और किसानों के बीच लगातार बढ़ रही है।

बढ़ती मांग से उज्ज्वल है भविष्य

भारत दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा मक्का उत्पादक देश है, लेकिन आने वाले वर्षों में पोल्ट्री, पशु आहार, स्टार्च और इथेनॉल उद्योगों की बढ़ती जरूरतों के कारण मक्का की मांग और तेजी से बढ़ने वाली है। ऐसे में मक्का बीज उत्पादन किसानों के लिए एक लाभदायक व्यवसाय बन सकता है। सही समय पर बुवाई, उन्नत किस्मों का चयन और वैज्ञानिक सलाह के साथ खेती करके किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन और शानदार मुनाफा हासिल कर सकते हैं।


ट्रेंडिंग ख़बरें