तुलसी के फायदे: जानिए इसके औषधीय उपयोग और घरेलू नुस्खे

नई दिल्ली 03-Feb-2026 04:40 PM

तुलसी के फायदे: जानिए इसके औषधीय उपयोग और घरेलू नुस्खे

(सभी तस्वीरें- हलधर)

तुलसी के औषधीय उपयोग

तुलसी की जड़, शाखा, पत्ती और बीज सभी औषधीय गुण रखते हैं। आमतौर पर घर में दो तरह की तुलसी देखने को मिलती है। एक जिसकी पत्तियों का रंग थोड़ा गहरा होता है और दूसरा जिसकी पत्तियों का रंग हल्का होता है। तुलसी की कुछ पत्तियों को चबाने से मुंह का संक्रमण दूर हो जाता है। मुंह के छाले दूर होते हैं और दांत भी स्वस्थ रहते हैं। जानते हैं, तुलसी के कुछ घरेलू नुस्खों से होने वाले फायदे, जिन्हें अपनाकर कई पुराने रोगों से निजात मिल सकती है।

प्रमुख रोगों में उपचार:

टीबी रोग: तुलसी, दमा और टीबी रोग में लाभकारी है। रोजाना तुलसी खाने से दमा और टीबी नहीं होता। तुलसी के औषधीय गुण के कारण यह बीमारी के लिए जिम्मेदार जीवाणु को बढ़ने से रोकती है। शहद, अदरक और तुलसी को मिलाकर बनाया गया काढ़ा पीने से दमा, कफ और सर्दी में राहत मिलती है।

मलेरिया को रखे दूर: तुलसी की 11 पत्तियों को 4 साबुत काली मिर्च के साथ सेवन करने से मलेरिया और टाइफाइड को ठीक किया जा सकता है। मच्छरों के काटने से होने वाली ज्यादातर बीमारियों का इलाज तुलसी सेवन के द्वारा किया जा सकता है। सभी प्रकार के बुखार को जड़ से खत्म करने के लिए तुलसी कारगर है। 20 तुलसी दल और 10 काली मिर्च मिलाकर बनाए गए काढ़े को पीने से पुराने से पुराना बुखार छू-मंतर हो जाता है।

कुष्ठ रोग: तुलसी की जड़ को पीसकर, सोंठ मिलाकर जल के साथ रोज सुबह पीने से कुष्ठ रोग में लाभ मिलता है। कुष्ठ रोग में तुलसी के पत्तों का रस निकालकर पीने से लाभ मिलता है।

माइग्रेन, साइनस: तुलसी का काढ़ा पीने से माइग्रेन और साइनस में आराम मिलता है। सुबह और शाम को एक चौथाई चम्मच तुलसी के पत्तों का रस, एक चम्मच शुद्ध शहद के साथ लेने से 15 दिनों में आपका दर्द पूरी तरह से ठीक हो सकता है। तुलसी का रस अथवा तेल की एक-दो बूंदें नाक द्वारा सूंघने से मस्तिष्क में तरावट आती है।

आंखों के रोग: तुलसी के पत्तों का दो-दो बूंद रस आंख में डालने से आंखों का पीलापन, लाली और रतौंधी ठीक हो जाती है।

खाँसी: तुलसी के 25 पत्ते, 10 काली मिर्च मोटी पीसी हुई 200 मिली पानी में डालकर इतना उबालें कि 150 मिली ही पानी बच जाये। इसे ठंडा और छानकर एक बोतल में भर लें। इसकी तीन-तीन चम्मच रोजाना तीन बार पियें। पुरानी खाँसी जो किसी भी तरह ठीक नहीं होती, वह भी ठीक हो जायेगी।

तुलसी का शक्ति वर्धक टॉनिक: 30 तुलसी की साफ पत्तियाँ पीसकर 20 ग्राम दही जो खट्टा नहीं हो अथवा एक-दो चम्मच शहद के साथ सेवन करें। इसके पश्चात् दो घंटे तक आगे-पीछे कुछ नहीं खायें-पियें।

बीज का उपयोग: सोते समय 5 ग्राम तुलसी के बीज गर्म दूध के साथ लेने से शारीरिक कमजोरी दूर होती है।


ट्रेंडिंग ख़बरें