2027 तक किसानों को दिन में बिजली मिलेगी, अध्यक्ष चौधरी
(सभी तस्वीरें- हलधर)अलवर। राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध होना शुरू हो जायेगी। इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होने किसानों से आय बढौत्तरी के लिए फसल विविधीकरण अपनाने और जल संरक्षण की बात भी कही। चौधरी, जिला स्तरीय किसान संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार निरंतर किसान कल्याण के लिए नई-नई योजनाएं चला रही है। ताकि, किसान की आय में बढौत्तरी हो सके। साथ ही, कृषि निर्यात को भी बढावा मिल सके। उन्होंने जैविक और प्राकृतिक खेती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती अपनाकर किसान लागत को घटा सकते है। साथ ही, मृदा का स्वास्थ्य भी बेहतर रख सकते है। उन्होंने बताया कि संवाद के जरिए आने वाले सुझाव को आयोग राज्य सरकार को भेज रहा है। कार्यक्रम को सरस डेयरी अध्यक्ष बलवीर छिल्लर ने भी सम्बोधित किया। उन्होंंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, उनके हित और विकास के लिए हमारा संकल्प सदैव दृढ़ है। कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों से सुझाव भी लिए गए। इस मौके पर अतिरिक्त निदेशक, कृषि भरतपुर संभाग देशराज सिंह, संयुक्त निदेशक कृषि पीसी मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जन प्रतिनिधि और बडी संख्या में किसान उपस्थित रहे।