23 मई से आयोजित होगा ग्राम
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट की तस्वीर साफ हो चुकी है। राज्य सरकार 23 मई से तीन दिवसीय ग्राम का आयोजन करेगी । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम 2026 के आयोजन से किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाने में मदद मिलेगी। वहीं, कृषि निवेश के साथ-साथ कृषि निर्यात की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने राज्य स्तरीय ग्राम की जानकारी गांव-ढ़ाणी तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम संबंधित सभी विभगों की मार्गदर्शिका तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया की इस आयोजन में देश-विदेश के कृषि विशेषज्ञ और कृषि वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया जायेगा। उन्होंने ग्राम संबंधित सभी विभगों की मार्गदर्शिका तैयार करने के निर्देश दिए।
रोड शो 10 से
प्रचार-प्रसार और निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से देशभर के प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। यह रोड शो 10 अप्रैल को जयपुर, 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद और 8 मई को पुणे में आयोजित होंगे। प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल ने बताया कि इन रोड शो के माध्यम से देश-विदेश के निवेशको, एग्रीटेक कंपनियों और विशेषज्ञों को राजस्थान की कृषि क्षमता और उपलब्ध अवसरों से अवगत करवाया जाएगा।
विशेष प्रशिक्षण के निर्देश
उन्होंने कहा कि कृषि पर्यवेक्षक, कृषि मित्र, ग्राम सेवा सहकारी समितियों और डेयरी समितियों सहित आयोजन से जुडे कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए। ताकि, किसानों को ग्राम के दौरान तकनीक को समझने में परेशानी नहीं आए।
75 हजार किसान लेंगे भाग
उधर, कृषि विभाग ने 75 हजार किसानों को ग्राम में सहभागी बनाने का लक्ष्य रखा है। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और फिक्की के प्रतिनिधि मौजूद रहे।