किसानों को रात में सिंचाई से राहत, अब दिन में मिलेगी बिजली
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। अजमेर डिस्कॉम के सभी 14 जिलों के किसानों को अब दिन के समय दो ब्लॉक में बिजली आपूर्ति की सुविधा मिल सकेगी। नागौर जिले के बिरलोका में करीब 170 करोड़ रुपए की लागत से बने 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) के शुरू होने से यह व्यवस्था संभव हुई है। इससे किसानों को रात में खेतों में जाकर सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिलेगी।
अब तक अजमेर डिस्कॉम के 14 में से 13 जिलों में किसानों को दिन में दो ब्लॉक में बिजली दी जा रही थी। नए जीएसएस से बिरलोका, नारवा, हिसाबा, पांचला सिद्धा, खींवसर और पांचौड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। खींवसर तहसील में दिन में कृषि बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी।
जीएसएस में 160 एमवीए क्षमता का 220/132 केवी पावर ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है। स्काडा प्रणाली से पश्चिमी राजस्थान में उत्पादित सौर ऊर्जा का बेहतर उपयोग होने के साथ बिजली छीजत कम करने और वोल्टेज व आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा की है। सरकार के अनुसार अब तक प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।