अजमेर में जल्द शुरू होगी माकड़वाली सब्जी मंडी, मिलेंगी महंगाई से राहत

नई दिल्ली 08-May-2026 04:47 PM

अजमेर में जल्द शुरू होगी माकड़वाली सब्जी मंडी, मिलेंगी महंगाई से राहत

(सभी तस्वीरें- हलधर)

अजमेर उत्तर क्षेत्र के निवासियों को सस्ती दरों पर फल और सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। लंबे समय से प्रतीक्षित माकड़वाली फल एवं सब्जी मंडी को क्रियाशील करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सक्रियता दिखाई है।

सर्किट हाउस में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में श्री देवनानी ने मंडी समिति के अधिकारियों और व्यापारियों के साथ आमने-सामने बैठकर चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कर मंडी को शीघ्र अति शीघ्र शुरू करना रहा।

आमजन को मिलेगी बड़ी राहत

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि माकड़वाली मंडी के शुरू होने से न केवल अजमेर शहर में फल-सब्जियों की आपूर्ति बेहतर होगी, बल्कि आम जनता को भी महंगाई से राहत मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और मंडी समिति व्यापारियों के हितों का ध्यान रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।

व्यापारियों ने रखी अपनी प्रमुख मांगें

चर्चा के दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों ने मंडी संचालन में आ रही बाधाओं और अपनी मांगों को विस्तार से रखा, जिनमें मुख्य रूप से ये बिंदु शामिल थे।

  • डीएलसी दरें- तत्कालीन समय में लागू व्यावसायिक डीएलसी दरों को कम किया जाए।
  • निर्माण कार्य- आवंटित भूखंडों पर निर्माण कार्य व्यक्तिगत स्तर के बजाय मंडी समिति स्तर पर कराया जाए।
  • किस्त सुविधा- आवंटी राशि को बिना ब्याज और पेनल्टी के छह आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा दी जाए।

सकारात्मक समाधान का आश्वासन

मंडी समिति के अधिकारियों ने व्यापारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमानुसार उचित समाधान निकालने का भरोसा दिलाया है। देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों के हितों और मंडी के संचालन को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कागजी और तकनीकी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।


ट्रेंडिंग ख़बरें