ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री का बड़ा संदेश
(सभी तस्वीरें- हलधर)“किसान लाभ की खेती अपनाएं, युवा कृषि से जुड़ें और गांवों को विकास की नई दिशा दें” भजनलाल शर्मा कुशलगढ़ में किसानों और पशुपालकों से सीधा संवाद, जैविक खेती और प्रोसेसिंग यूनिट्स पर जोर दिया , कुशलगढ़ में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण युवाओं से संवाद करते हुए कृषि को लाभकारी और आधुनिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ लाभ की खेती अपनाएं, जिससे आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बने। मुख्यमंत्री ने जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि खेती में रसायनों पर निर्भरता कम कर जैविक उत्पादों की ओर बढ़ना न केवल स्वास्थ्य के लिए बेहतर है, बल्कि बाजार में भी इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।
प्रोसेसिंग यूनिट्स से गांवों में बढ़ेंगे रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग के लिए राज्य सरकार सहयोग दे रही है, ताकि गांवों में ही मूल्य संवर्धन हो सके और किसानों को बेहतर मुनाफा मिले। उन्होंने युवाओं से कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने और नई तकनीकों से जुड़ने की अपील की।
“युवा ऊर्जा कृषि में आए, गांव बने आत्मनिर्भर”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा यदि कृषि और पशुपालन में आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़े तो गांव आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने स्टार्टअप, ड्रोन तकनीक, जैविक उत्पादन और कृषि आधारित उद्योगों को ग्रामीण विकास का नया आधार बताया। ग्राम विकास चौपाल में बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक, महिला समूह और ग्रामीण युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी मुख्यमंत्री के सामने रखे।