रबी में उर्वरक वितरण पर सख्ती, 313 विक्रेताओं के रिकॉर्ड खंगाले

नई दिल्ली 22-Oct-2026 12:59 PM

रबी में उर्वरक वितरण पर सख्ती, 313 विक्रेताओं के रिकॉर्ड खंगाले

(सभी तस्वीरें- हलधर)

बीकानेर। रबी सीजन में किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। कृषि आदान निरीक्षकों की टीमों ने जिले में 313 विक्रेताओं के यहां उर्वरक स्टॉक और रिकॉर्ड का सघन निरीक्षण किया। संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देश पर ‘राज एग्री क्यूसी’ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन निरीक्षण किया जा रहा है। शेष विक्रेताओं की भी जांच की जा रही है। जिले में वर्तमान में 11,559 मीट्रिक टन यूरिया, 1,899 मीट्रिक टन डीएपी, 4,355 मीट्रिक टन एसएसपी, 1,675 मीट्रिक टन एनपीके और 587 मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान के तहत औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग रोकने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। किसी विक्रेता के स्तर पर अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने किसानों से कहा है कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उन्हें चिंतित होने की जरूरत नहीं है।


ट्रेंडिंग ख़बरें