सीएम बोले पीएम-कुसुम ने अन्नदाता को बनाया ऊर्जादाता
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम-कुसुम योजना के लाभार्थी किसानों से संवाद किया । उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना से किसान अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता बन गया है । किसानों की आय सुरक्षित हो रही है। वही सरकार बीज से बाजार तक अनेक योजनाएं संचालित कर रही है । फीडर स्तर पर स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की क्षमता के आधार पर राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है। योजना के कम्पोनेंट-ए और सी के तहत अब तक 5 हजार मेगावाट से अधिक क्षमता के 2 हजार 300 से ज्यादा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा उत्पादक किसानों से संवाद कर योजना से उनके जीवन में आए बदलाव को जाना । इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर और जोधपुर, बीकानेर और अजमेर के अधिकारी- सौर ऊर्जा उत्पादक किसान वीसी के माध्यम से जुड़े।
2027 तक दिन में बिजली
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध होगी । वर्तमान में 26 जिलों के 3.34 लाख से अधिक किसानों को दिन में बिजली मिल रही है । सरकार द्वारा 400, 220 और 132 केवी के 61 ग्रिड सब स्टेशन और 33 केवी के 498 सब स्टेशन स्थापित किए गए हैं। वहीं, 12 हजार 400 मेगावाट ऑवर बैटरी ऊर्जा भंडारण क्षमता विकसित करने की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
61 हजार करोड़ का अनुदान
उन्होंनेकहा कि किसान सम्मान निधि की राशि 6 से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है। किसानों को बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है। साथ ही, राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के तहत 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।