रबी सीजन में खाद उपलब्धता पर सरकार का दावा, जमीनी तस्वीर क्या 

नई दिल्ली 29-Sep-2026 02:38 PM

रबी सीजन में खाद उपलब्धता पर सरकार का दावा, जमीनी तस्वीर क्या 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। रबी सीजन में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों के बीच चिंता इसलिए बढ़ी है क्योंकि, खरीफ  सीजन में कुछ क्षेत्रों में खाद लेने के लिए किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब कृषि विभाग का कहना है कि रबी सीजन के दौरान किसानों की जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था की गई है। फिलहाल राज्य में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। हालांकि किसानों तक खाद समय पर पहुंचे, इसके लिए वितरण व्यवस्था और आगामी आपूर्ति भी महत्वपूर्ण रहेगी। गौरतलब है कि प्रदेश में रबी फसल बुवाई को लेकर किसानों ने खेत को हांकना शुरू कर दिया है। फिलहाल किसान सरसो और चना बुवाई की तैयारी में जुटे हुए है। इसके बाद गेहूं और जौ फसल की बुवाई होनी है। इसी बीच खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की चिंता बढऩे लगी है। खरीफ सीजन के दौरान कई जगहों पर किसानों को खाद लेने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा था। ऐसे में रबी सीजन में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता अहम मुद्दा बन गया है।

तैयार किया गया खाद स्टॉक

कृषि विभाग के अनुसार किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए यूरिया की अग्रिम व्यवस्था की गई है। कृषि विभाग के आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि एफएफएस के माध्यम से करीब 1.25 लाख मीट्रिक टन यूरिया की अग्रिम आपूर्ति की जा चुकी है। इसके अलावा आने वाले समय में खाद की और रैक मिलने की उम्मीद है, जिससे राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

यूरिया और डीएपी का स्टॉक

कृषि विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 22 सितंबर तक प्रदेश में करीब 2.70 लाख मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही लगभग 1 लाख मीट्रिक टन डीएपी और करीब 1 लाख मीट्रिक टन एनपीके भी उपलब्ध है। वहीं राज्य में लगभग 2.47 लाख मीट्रिक टन एसएसपी का स्टॉक भी मौजूद बताया गया है। विभाग का कहना है कि रबी सीजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे भी उर्वरकों की आपूर्ति की जाएगी।

बीज मिनी किट की तैयारी

रबी सीजन में किसानों को बेहतर बीज उपलब्ध कराने की दिशा में भी कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। उन्नत किस्मों के बीजों की मिनी किट तैयार करने के लिए राजस्थान स्टेट सीड कॉरपोरेशन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बीज मिनी किट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई गई है। इससे किसानों को रबी फसलों की बुवाई के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने में सहायता मिल सकती है। 


ट्रेंडिंग ख़बरें