फसल खराबे का मुआवजा कब मिलेगा ? विधानसभा में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी ने दी जानकारी
फसल खराबे का मुआवजा कब मिलेगा ? विधानसभा में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी ने दी जानकारी
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। राज्य के आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने विधानसभा में कहा कि भरतपुर विधानसभा क्षेत्र में सम्वत् 2079 की खरीफ फसल के दौरान बाढ़ और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए जिन किसानों के जन आधार में बैंक खातों का विवरण अपडेट नहीं है, उनके डेटा को सुधारने के लिए राज्य सरकार विशेष अभियान चला रही है।
किसानों का भुगतान जनआधार अपडेट के कारण लंबित
मंत्री डॉ. मीणा ने बताया कि कुल प्रभावित किसानों में से 1590 काश्तकारों का भुगतान जनआधार अपडेट नहीं होने के कारण लंबित रहा। इनमें से अब तक 675 किसानों का डेटा अपडेट किया जा चुका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शेष किसानों का डेटा अपडेट होते ही सभी को कृषि आदान-अनुदान का भुगतान कर दिया जाएगा।
2572 किसानों का मुआवजा अभी बाकी
प्रश्नकाल के दौरान विधायक डॉ. सुभाष गर्ग के पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि भरतपुर विधानसभा क्षेत्र में सम्वत् 2079 की खरीफ (बाढ़) और रबी (ओलावृष्टि) से प्रभावित 2572 किसानों का कृषि आदान-अनुदान भुगतान अभी शेष है। इनमें से 982 किसानों को भुगतान के लिए 53.08 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है और भुगतान प्रक्रिया जारी है।
34,593 किसानों को मिल चुका है मुआवजा
कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. मीणा ने बताया कि वर्ष 2022-23 (सम्वत् 2079) में खरीफ बाढ़ और रबी ओलावृष्टि से 33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल खराबा होने पर कुल 37,165 पात्र किसानों को अनुदान दिया जाना था। इनमें से 34,593 किसानों को एसडीआरएफ मानकों के अनुसार 2731.31 लाख रुपये का कृषि आदान-अनुदान पहले ही वितरित किया जा चुका है।
Read: विधानसभा में MSP खरीद के सवाल पर सहकारिता मंत्री ने दिया ये जवाब