‘भारत विस्तार’ लॉन्च, अब किसानों को फोन पर मिलेगी AI से सलाह
(सभी तस्वीरें- हलधर)केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को जयपुर में ‘भारत विस्तार’ को लॉन्च किया। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसान केंद्रित AI हैकथन और एग्री कोष AI स्ट्रेटजी रोडमैप का भी शुभारंभ किया गया।
तकनीक से बढ़ेगी किसानों की उत्पादन क्षमता
केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘भारत विस्तार’ योजना शुरू की है। इस योजना के जरिए किसान अपने स्मार्टफोन या साधारण मोबाइल फोन से कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
155261 नंबर पर कॉल कर मिलेगा तुरंत समाधान
कृषि मंत्री ने बताया कि किसान 155261 नंबर पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकते हैं और तुरंत समाधान पा सकते हैं। इसी नंबर के माध्यम से देशभर की मंडियों के ताजा भाव भी प्राप्त किए जा सकेंगे। इस योजना में सवाल पूछने पर किसानों को अपनी स्थानीय भाषा में जवाब मिलने की सुविधा दी गई है। फिलहाल इसकी शुरुआत हिंदी और अंग्रेजी से की गई है, जिसे जल्द ही 11 भाषाओं तक विस्तारित किया जाएगा।
बनेगा किसान आईडी, योजनाओं की जानकारी एक जगह
‘भारत विस्तार’ योजना के तहत किसान आईडी (किसान पहचान पत्र) भी बनाया जा रहा है, जिसमें किसान से जुड़ी संपूर्ण जानकारी उपलब्ध रहेगी। फिलहाल इसमें पीएम फसल बीमा योजना और सॉइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं को जोड़ा गया है। भविष्य में सभी कृषि योजनाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी है।
विपक्ष पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को पूर्व सरकार ने लागू नहीं किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर MSP देने का फैसला लागू किया गया।
विकसित भारत के लिए विकसित किसान जरूरी: शर्मा
राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए विकसित किसान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि AI आधारित तकनीक से खेती करने से किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बनेंगे। किसानों को मोबाइल के माध्यम से मृदा परीक्षण, बीज, खाद, पानी और अन्य आवश्यक जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
एक प्लेटफॉर्म पर सभी कृषि सेवाएं
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी ने कहा कि ‘भारत विस्तार’ योजना का उद्देश्य किसानों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म के बजाय एक ही मंच पर सभी जानकारी स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट सहित कई केंद्रीय और राज्य स्तर के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। देश के विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।
क्या है ‘भारत विस्तार’ योजना
‘भारत विस्तार’ एक बहुभाषी AI आधारित संवादात्मक परामर्श प्रणाली है, जो किसानों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सेवाएं उपलब्ध कराएगी। यह सिस्टम AgriStack, आईसीएआर, विभिन्न कृषि योजनाओं, भारतीय मौसम विभाग (IMD), मंडी भाव और राज्य प्रणालियों को जोड़कर एकल डिजिटल ढांचा तैयार करता है। इससे किसानों को मंडी मूल्य, ऋण, बीमा और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी, जिससे उनकी उत्पादकता बढ़ेगी और जोखिम कम होगा।