महिलाएं सीखेंगी कृषि की आधुनिक तकनीक, बनेंगी स्मार्ट किसान
(सभी तस्वीरें- हलधर)खेती-किसानी और पशुपालन में सक्रिय ग्रामीण क्षेत्रों में महिला किसानों की कृषि की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने निर्देश दिए। इसके लिए कृषि खंड जालोर की 369 ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन
कृषि विस्तार के अतिरिक्त निदेशक रामलाल जाट ने बताया कि कृषि खंड जालोर के अंतर्गत आने वाले जालोर जिले की 191, पाली जिले की 142 और सिरोही जिले की 36 ग्राम पंचायतों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
विभिन्न विषयों पर मिलेगी जानकारी
इस दौरान महिला किसानों को फसलों के बीज उत्पादन तकनीक और उन्नत किसानों का चुनाव, मिट्टी और जल परीक्षण का महत्व, नमूनो का संकलन और ड्रिप सिंचाई पद्धति के उपयोग, जैविक खाद बनाने की विधियां और संतुलित उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार और कीटों का वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन आदि विषयों पर जानकारी दी जाएगी।