पिछले साल से 6.51 लाख हैक्टयर में ज्यादा बुवाई

नई दिल्ली 30-Oct-2025 04:11 PM

पिछले साल से 6.51 लाख हैक्टयर में ज्यादा बुवाई

(सभी तस्वीरें- हलधर)

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 6.51 लाख हैक्टयर क्षेत्र में खरीफ फसलो की अधिक बुवाई हुई है। कुल बुवाई क्षेत्र 1121.46 लाख हैक्टयर रहा। जबकि, गत वर्ष यह 1114.95 लाख हैक्टयर में फसलो की बुवाई हुई थी।  धान, मक्का, गन्ना और दलहन की बुवाई भी वर्ष 2024-25 की तुलना में अधिक हुई है। बैठक में उड़द बुवाई क्षेत्रफल में वृद्धि की भी जानकारी देते हुए बताया गया कि उड़द के क्षेत्रफल में 1.50 लाख हैक्टयर की वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में उड़द का बुवाई क्षेत्रफल 22.87 लाख हैक्टयर था, जो वर्ष 2025-26 में बढक़र 24.37 लाख हैक्टयर हो गया है। उन्होने अधिकारियों से उर्वरक मंत्रालय से सतत संपर्क में रहने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि आगामी सीजन में उर्वरकों की आवश्यकता को लेकर राज्यों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

प्याज-आलू की बुवाई बढ़ी

वर्ष 2024-25 की तुलना में प्याज का बुवाई क्षेत्रफल 3.62 लाख हैक्टयर से बढक़र 3.91 लाख हैक्टयर हो गया है, वहीं आलू का क्षेत्रफल 0.35 लाख हैक्टयर की तुलना में 0.43 लाख हैक्टयर हो गया है। टमाटर का बुवाई क्षेत्रफल पिछले वर्ष समान अवधि में 1.86 लाख हैक्टयर था, जो इस वर्ष बढक़र 2.37 लाख हैक्टयर हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि आलू, प्याज, टमाटर में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अच्छी वृद्धि हुई है।