राजस्थान में पराली जलाने पर केंद्र गंभीर

नई दिल्ली 14-Oct-2026 01:27 PM

राजस्थान में पराली जलाने पर केंद्र गंभीर

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं ने केंद्र सरकार की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान को प्रभावित जिलों और गांवों की पहचान कर तत्काल विशेष कार्ययोजना लागू करने तथा पराली जलाने से रोकने के लिए युद्ध स्तर पर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

नई दिल्ली के कृषि भवन में पराली प्रबंधन को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की संयुक्त समीक्षा बैठक में राजस्थान की स्थिति पर विशेष चिंता जताई गई। बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में 15 सितंबर से 12 अक्टूबर के बीच पिछले वर्ष की तुलना में पराली जलाने की घटनाओं में 53.3 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में करीब 32 प्रतिशत कमी आई है, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश में घटनाएं बढ़ी हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि अभी फसल कटाई का बड़ा हिस्सा बाकी है, ऐसे में राजस्थान को प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ किसानों को पराली प्रबंधन के व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों का अधिकतम उपयोग करने, बंद पड़ी पुरानी मशीनों की मरम्मत कराने और छोटे व सीमांत किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से सस्ती दरों पर मशीनें उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

केंद्र ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों में पराली को पशु चारे के रूप में संग्रहित करने तथा फसल अवशेष को खाद, बिजली, बायो-सीएनजी और बायो-इथेनॉल उत्पादन से जोड़कर किसानों की अतिरिक्त आय का माध्यम बनाने पर भी जोर दिया है।


ट्रेंडिंग ख़बरें