हाईटेक खेती सीखने जोधपुर रवाना हुईं 30 महिला किसान
(सभी तस्वीरें- हलधर)श्रीगंगानगर। कृषि में नवीन तकनीकों और हाईटेक बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग की आत्मा योजना के तहत जिले की विभिन्न पंचायत समितियों की 30 महिला कृषकों का दल पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर रवाना हुआ। दल किसान कौशल विकास केन्द्र में आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।
प्रशिक्षण दल को संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. सतीश कुमार शर्मा, उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) केशव कालीराना, सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) सुशील शर्मा, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) सुदेश कुमार तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी विजय सियाग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उप निदेशक कृषि केशव कालीराना ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिला किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली, उन्नत हाईटेक बागवानी और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही दल कृषि महाविद्यालय तथा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के खेतों का भ्रमण कर व्यावहारिक अनुभव भी हासिल करेगा।
दल के साथ कृषि पर्यवेक्षक अर्चना प्रभारी तथा परमजीत कौर सहप्रभारी के रूप में प्रशिक्षण एवं भ्रमण में शामिल रहेंगी। विभाग का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से महिला किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी खेती की तकनीकों से जोड़कर उन्हें अपने क्षेत्रों में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।