पैकेज्ड फूड पर चेतावनी लेबल को सुप्रीम फटकार
(सभी तस्वीरें- हलधर)सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड फूड पर चेतावनी लेबल को लेकर नाराजगी जताई है। अदालत ने पूछा कि पैकेज्ड फूड की पैकेजिंग पर चीनी, नमक और फैट की मात्रा को लेकर चेतावनी देने में देरी क्यों हो रही है? कोर्ट ने इस मामले में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण से जानकारी मांगी है। बता दें कि न्यायालय पैकेज्ड फूड में मौजूद ज्यादा चीनी, नमक और फैट को लेकर एक याचिका पर सुनवाई कर रहा है।
सरकार से कहा, ध्यान से पढ़े आदेश
सुनवाई के दौरान जस्टिस पारदीवाला ने कहा कि अदालत ने भी इस पूरे मुद्दे का अपने स्तर पर अध्ययन किया है। उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में अदालत का आदेश जल्द जारी किया जाएगा। अदालत ने केंद्र सरकार से भी आदेश को ध्यान से पढऩे को कहा है, ताकि आगे की सुनवाई में मामले पर सही तरीके से चर्चा की जा सके।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह मामला पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स पर हेल्थ वार्निंग लेबल से जुड़ा है। इसमें मांग की जा रही है कि ज्यादा चीनी, नमक वाले खाने वाली चीजों के पैकेट पर इसकी जानकारी ग्राहकों को साफ तौर पर दी जाए। इसका उद्देश्य ग्राहकों को पैकेज्ड फूड खरीदते समय उसके पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।