धरती मां की पुकार: 1 जून से शुरू होगा देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’
(सभी तस्वीरें- हलधर)नई दिल्ली। देश की मिट्टी, खेती और किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से 1 जून से राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत होने जा रही है। इस अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ मध्य प्रदेश के रायसेन से होगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती मां को बचाने का राष्ट्रीय संकल्प बताते हुए पूरे कृषि तंत्र से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता या कर्मकांड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि वैज्ञानिकों, कृषि अधिकारियों और विशेषज्ञों को पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि धरती मां की लाज रखना और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपजाऊ भूमि सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।
पूरे देश का कृषि तंत्र एक मंच पर
केंद्रीय मंत्री की पहल पर देशभर के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), Indian Council of Agricultural Research के संस्थान, कृषि विश्वविद्यालय, राज्य कृषि विभाग और अन्य संबंधित संस्थाएं इस अभियान से जुड़ रही हैं। इसका उद्देश्य खेत स्तर पर पहुंचकर किसानों को वैज्ञानिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक बनाना है।
किसानों के हित में बनेगा जनआंदोलन
‘खेत बचाओ अभियान’ को किसानों और खेतों के हित में एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी की गई है। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद किया जाएगा और उन्हें मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, लागत कम करने तथा उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए जाएंगे।
खुद गांवों में पहुंचेंगे शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं भी अभियान के दौरान विभिन्न राज्यों के गांवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। किसानों की समस्याओं को समझने और समाधान सुझाने के लिए वे खेतों में पहुंचकर कृषि विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।