केरल में 4 जून को मानसून पहुंचने की संभावना कई राज्यों में भरी बारिश का अलर्ट 

नई दिल्ली 02-Jun-2026 05:19 PM

केरल में 4 जून को मानसून पहुंचने की संभावना कई राज्यों में भरी बारिश का अलर्ट 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून 4 जून के आसपास केरल पहुंच सकता है। इसके साथ ही भारत में बारिश के मौसम की आधिकारिक शुरुआत हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियां मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं। अगले दो दिनों में इसकी रफ्तार और तेज हो सकती है। मॉनसून केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अरब सागर के कई हिस्सों तक पहुंचने की स्थिति में है। वहीं बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में भी मॉनसूनी गतिविधियां मजबूत होती दिख रही हैं।

केरल में भारी बारिश की संभावना

आने वाले 6 से 7 दिनों के दौरान केरल के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज होने का अनुमान है। तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

कई राज्यों में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

कैसे आगे बढ़ता है मॉनसून?

केरल में मॉनसून के पहुंचने को भारत में मानसून सीजन की शुरुआत माना जाता है। इसके बाद यह धीरे-धीरे दक्षिण भारत से मध्य, पूर्व और फिर उत्तर भारत की ओर बढ़ता है। शुरुआती दौर में तटीय राज्यों और समुद्री क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहती हैं।

किसानों के लिए राहत की खबर

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कृषि क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। मॉनसून की शुरुआती बारिश के साथ ही खरीफ फसलों की बुवाई का काम तेज हो जाता है। अच्छी बारिश किसानों और कृषि उत्पादन के लिए लाभदायक साबित होती है।

अगले कुछ दिन अहम

मौजूदा मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए 4 जून को केरल में मॉनसून पहुंचने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद यह देश के अन्य राज्यों में कितनी तेजी से आगे बढ़ेगा, इस पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में मॉनसून की प्रगति की तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।


ट्रेंडिंग ख़बरें