28 बीघा खेत में कमाल: सब्जी-पशुपालन से किसान की आय 18 लाख
(सभी तस्वीरें- हलधर)
जोधपुरा, राजसमंद। पढ़ाई के साथ-साथ संरक्षित खेती का सफ र तय करने वाला यह किसान है श्रवण कुमार जाट। जो सात हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में संरक्षित खेती कर रहे है। साथ ही, ओपन फील्ड में सब्जी उत्पादन। इन्होंने पशुपालन को भी व्यवसायिक रूप दिया हुआ है। जिससे सालाना 18-20 लाख रूपए की आमदनी मिल रही है। किसान श्रवण कुमार ने हलधर टाइम्स को बताया कि वर्ष 2013-14 में परिवार वालों ने एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉली हाउस लगाया था। इससे उत्पादन तो मिला। लेकिन, लेबर और परिवहन लागत ज्यादा आ रही थी। लेकिन, जैसे-तैसे काम चल रहा था। गौरतलब है कि किसान श्रवण के पास 28 बीघा कृषि भूमि है। वर्तमान में विज्ञान से स्नातक कर रहे है। साथ ही, संरक्षित खेती में भी परवाज भर रहे है। उन्होंने बताया कि छोटे पॉलीहाउस की लागत को देखते हुए उद्यानिकी विभाग की अनुदान योजना का लाभ लेते हुए 4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉली हाउस का निर्माण करवाया। उत्पादन अच्छा मिला और बचत नजर आने लगी तो वर्ष 2026 में दो हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में एक पॉली हाउस और तैयार करवा लिया। इस तरह 7 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में खेती हो रही है। उन्होने बताया कि पॉली हाउस में खीरा और टमाटर का उत्पादन लेता हॅू। इससे सालाना 8-10 लाख रूपए की आमदनी मिल जाती है। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए मेरे पास दो फार्मपौंड, ट्यूबवैल है। जल बचत के लिए रैनगन, मिनि स्प्रिंकलर और ड्रिप सिंचाई उपयोग ले रहा हॅू। परम्परागत फसलो में दो-तीन बीघा क्षेत्र में गेहूं, मक्का और ज्वार का उत्पादन लेता हॅू।
15 बीघा में सब्जी उत्पादन
उन्होने बताया कि संरक्षित खेती में सफलता मिलने के बाद ओपन फील्ड सब्जी फ सलों का उत्पादन लेना शुरू किया। इसके लिए लो-टनल का उपयोग कर रहा हॅू। सब्जी फसल में हरा प्याज, ककड़ी, तरबूज और धनिया फसल शामिल है। 15 बीघा क्षेत्र में इन फसलों से 50 हजार रूपए प्रति बीघा की बचत मिल जाती है।
लाभकारी पशुपालन
उन्होंने बताया कि पशुधन में मेरे पास 2 गाय और 10 दुधारू भैंस है। जबकि, कुल पशुओं की संख्या 20 के करीब है। प्रतिदिन 60 लीटर दुग्ध का उत्पादन हो रहा है। दुग्ध की बिक्री डेयरी को 55-60 रूपए प्रति लीटर की दर से कर रहा हॅू। वहीं, पशु अपशिष्ट से वर्मी खाद तैयार कर रहा हॅू। वर्मी की 8 बेड़ मेरे पास है।
स्टोरी इनपुट: डॉ.पीसी रैगर, केवीके, राजसमंद