सिर्फ 800 पौधे, 6.5 लाख मुनाफा—पपीता किसान की कमाल कहानी

नई दिल्ली 09-Feb-2026 01:52 PM

सिर्फ 800 पौधे, 6.5 लाख मुनाफा—पपीता किसान की कमाल कहानी

(सभी तस्वीरें- हलधर)

सीसोला, टोंक। जिन किसानों के पास एक-दो बीघा जमीन है, मंहगाई और हैसियत के इस दौर में उनकों हौंसला हारने की जरूरत नहीं है। जमीन के छोटे टुकड़े से भी हैसियतदारों को चौंकाया जा सकता है। यकीन नहीं है तो मिलिए किसान गिर्राज मीणा से, जो एक बीघा जमीन से करीब साढे 6 लाख का शुद्ध मुनाफा कमा रहे है। जबकि, सकल बचत का आंकड़ा 7 लाख से ज्यादा है। बता दें कि किसान गिर्राज, ताईवान पपीता की खेती कर रहा है। किसान गिर्राज ने हलधर टाइम्स को बताया कि वर्ष 2018 तक खेतों में बागवानी के नाम पर कुछ नहीं था। वहीं, आय का आंकड़ा भी 25-30 हजार प्रति बीघा था। लेकिन, जब से पपीता की खेती शुरू की, परिवार के दिन बदलना शुरू हो गए। उम्मीद ही नहीं थी कि पपीता की खेती मुझे भी हैसियत वाला बना देगी। उन्होंने बताया कि जयपुर में कृषि विभाग के एक कार्यक्रम में पपीता खेती की जानकारी मिली। इसके बाद यू-ट्यूब पर से भी खेती की जानकारी जुटाई। शुरूआत 15-20 पौधों से हुई। इन पौधों पर उत्पादन अच्छा मिला तो समय के साथ पौधों की संख्या बढ़ाता रहा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बीघा भर जमीन में पपीता की खेती करता हॅू। उत्पादित पपीता की 30-40 रूपए प्रति किलो के भाव से रिटेल बिक्री करता हॅू। इससे सालाना साढे सात लाख रूपए की नेट इनकम मिलती है। इसमें एक लाख खर्च निकाल दें तो भी साढे 6 लाख रूपए का शुद्ध मुनाफा इस फसल से मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि किसान गिर्राज के पास महज ढ़ाई बीघा जमीन है। सिंचाई के लिए कुआं और विद्युत बचत के लिए सौर उर्जा पंप लगाया हुआ है। 

मटर-टमाटर भी लाभकारी

उन्होंने बताया कि पपीता खेती में सफलता मिलने के बाद मटर और टमाटर की खेती शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि आधा-आधा बीघा क्षेत्र में इन फसलों की बुवाई करता हॅू। टमाटर की फसल से 50 हजार तो मटर की फसल से 30-35 हजार रूपए की आमदनी मिल जाती है।