8वीं पास मजदूर बना सफल किसान, गेंदा फूल-बकरीपालन से लाखों कमाई
(सभी तस्वीरें- हलधर)
बाणनाथपुरा, चित्तौड़गढ़। यदि कुछ करने का जज्बा है तो पढ़ाई ज्यादा मायने नहीं रखती है। जी हां, 8वीं पास सोहनलाल सालवी ने ऐसा ही कुछ करके दिखाया है। बता दें कि पहले यह मार्बल फैक्ट्री में दिहाड़ी मजदूरी करते थे। लेकिन, अब गेंदा फूल और बकरी पालन से सालाना ढाई से पौने तीन लाख रुपए की आमदनी ले रहे हैं। किसान सोहनलाल ने हलधर टाइम्स को बताया कि परिवार के मेरे पास 4 बीघा जमीन है। उन्होंने बताया कि आठवीं पास करने के बाद में भी खेती से जुड़ गया। लेकिन, जमीन का रकबा कम होने के कारण बाद में खर्च चलाने में दिक्कत आने लगी। स्थिति को देखते हुए मार्बल फैक्ट्री में मजदूरी करना शुरू कर दिया। लेकिन, अब शुद्ध रूप से किसान बन चुका हूँ। करीब 6 साल से आय बढ़ाने के लिए खेती में अलग-अलग प्रयोग करके देख रहा हूँ। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसानों और कृषि कार्यक्रमों में भाग लेने के चलते खेती में काफी कुछ जानने सीखने को मिल रहा है। इससे आय बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए मेरे पास कुआं है और जल बचत के लिए फव्वारा सिंचाई का उपयोग करता हूँ। परम्परागत फसलों में मूंगफली, मक्का, चना, सरसों और गेहूं का उत्पादन लेता हूँ। इन फसलों से सालाना 70-80 हजार रुपए की आमदनी मिल जाती है।
गेंदा फूल से डेढ़ लाख
उन्होंने बताया कि आय बढ़ाने के लिए पिछले पांच साल से गेंदा फूल का उत्पादन ले रहा हूँ। क्योंकि, यह फसल अच्छी कमाई देती है। उन्होंने बताया कि डेढ़ बीघा क्षेत्र से करीब डेढ़ लाख रुपए की आमदनी मिल जाती है।
बकरीपालन से लाख
उन्होंने बताया कि पशुधन में मेरे पास एक भैंस और एक दर्जन से ज्यादा बकरियां है। भैंस का एक समय का दुग्ध डेयरी को बिक्री कर देता हूँ। वहीं, एक समय का घर में काम आ जाता है। वहीं, बकरियों से सालाना लाख रुपए की आमदनी मिल जाती है। बकरियों में सोजत, हैदराबादी, तोतापुरी आदि नस्ल का पालन कर रहा हूँ।