24 फरवरी को भरतपुर में सजेगा सरसों विज्ञान मेला, किसानों को मिलेगी ये जानकारियां
24 फरवरी को भरतपुर में सजेगा सरसों विज्ञान मेला, किसानों को मिलेगी ये जानकारियां
(सभी तस्वीरें- हलधर)भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान, भरतपुर की ओर से 24 फरवरी, 2026 को संस्थान परिसर में 26वें सरसों विज्ञान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के जरिए से संस्थान द्वारा सरसों की नवीन एवं उच्च उत्पादक किस्मों, उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक उत्पादन प्रणालियों, मूल्य संवर्धन और प्रसंस्करण तकनीकों की जानकारी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, विस्तार अधिकारियों, विद्यार्थियों और कृषि उद्यमियों दी जाएगी।
विशेषज्ञ व्याख्यान और किसान-वैज्ञानिक संवाद होंगे आकर्षण
संस्थान के निदेशक डॉ. विजय वीर सिंह ने बताया कि सरसों विज्ञान मेले में नवीन विकसित सरसों किस्मों का प्रदर्शन, आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी, तकनीकी व्याख्यान, किसान-वैज्ञानिक संवाद और समस्या समाधान के लिए विशेष परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। किसानों को उत्पादकता, गुणवत्ता और लाभप्रदता बढ़ाने के लिए उन्नत बीज एवं समेकित फसल प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
अनुसंधान उपलब्धियों का होगा प्रत्यक्ष प्रदर्शन
सरसों विज्ञान मेले में संस्थान द्वारा विकसित नवीन प्रौद्योगिकियों और अनुसंधान उपलब्धियों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। इससे किसान वैज्ञानिक अनुशंसाओं को अपनाकर सरसों उत्पादन बढ़ा सकेंगे और आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर पाएंगे। संस्थान ने सभी किसानों, कृषि विशेषज्ञों, विद्यार्थियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि तिलहन उत्पादन और आत्मनिर्भरता को मजबूत किया जा सके।