बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ,ग्राम 2026 के लिए रथ यात्रा की |
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ,ग्राम 2026 के लिए रथ यात्रा की |
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर, 27 अप्रैल। भजन लाल शर्मा और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने सोमवार को जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के प्रचार के लिए 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान की शुरुआत की। ओटीएस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रवाना किए गए ये रथ प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर न केवल आयोजन का प्रचार करेंगे, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाएंगे।
अंत्योदय से आत्मनिर्भरता तक: केंद्र और राज्य सरकार का फोकस
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय के संकल्प को साकार किया जा रहा है, जिससे अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके। उन्होंने जनधन योजना, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए युवाओं और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण पर जोर दिया।उन्होंने “राइजिंग राजस्थान समिट” के माध्यम से निवेश और रोजगार सृजन को भी राज्य के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।
राजस्थान के विकास को मिली नई रफ्तार
नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में पिछले दो वर्षों में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिली है। किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण विकास को मजबूती देने के लिए ग्राम रथ अभियान को एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
कृषि और गांव मजबूत तो भारत आत्मनिर्भर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कृषि, किसान और गांव सशक्त होंगे तो ही भारत आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने बताया कि ग्राम रथों में सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जिससे आमजन अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। साथ ही, अधिकारियों की टीम शिकायतों का त्वरित समाधान भी करेगी।
एग्रीटेक मीट में जुटेंगे किसान, एक्सपर्ट और निवेशक
मुख्यमंत्री ने बताया कि 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले ग्राम-2026 में कृषि उत्पादन, फूड प्रोसेसिंग, बागवानी और पशुपालन से जुड़ी कंपनियां, तकनीकी विशेषज्ञ और हजारों किसान एक मंच पर आएंगे। यह आयोजन किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और निवेशकों को राजस्थान के कृषि क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराने का अवसर देगा।
किसानों के लिए योजनाओं और सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य में किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है, 2.18 लाख से अधिक कृषि कनेक्शन दिए गए हैं और बिजली बिलों में भारी अनुदान प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि क्षेत्र में हुए एमओयू में से करीब 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जो राजस्थान को कृषि विकास के नए आयाम देने में सहायक साबित होंगे।